लखनऊ। 27 जनवरी 2024। लखनऊ में इस बार गणतंत्र दिवस परेड में शामिल उत्तर प्रदेश पर्यटन की झांकी को तीसरा स्थान मिला है। विभाग द्वारा नैमिषारण्य पर आधारित भव्य झांकी निकाली गई थी। इसमें चकतीर्थ, व्यास गद्दी और ललिता देवी मंदिर समेत अन्य धाम दर्शाए गए थे। उत्तर प्रदेश सरकार नैमिष के विकास पर बीते कुछ समय से विशेष ध्यान दे रही है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण नैमिषारण्य कॉरिडोर के विकास की घोषणा है। सीतापुर स्थित नैमिषारण्य एक पवित्र तीर्थ स्थल है। मान्यता है कि ब्रह्मा जी ने इस स्थान को ध्यान योग के लिए सबसे उत्तम बताया था। प्राचीन काल में करीब 88 हजार ऋषि-मुनियों ने इस स्थान पर तप व वेदों पुराणों की रचना की थी। पौराणिक मान्यता के अनुसार, ब्रह्मा जी के चक्र ने पृथ्वी में एक छेद किया था, जिसके परिणामस्वरूप जल का एक विशाल भंडार उत्पन्न हुआ था, जिसे चक्रतीर्थ के नाम से जाना जाता है। रामायण में भी ये उल्लेख है कि इसी स्थान पर भगवान श्रीराम ने अश्वमेध यज्ञ पूरा किया था। वहीं महाभारत काल में युधिष्ठिर और अर्जुन भी नैमिषारण्य आए थे। *ललिता देवी* नैमिषारण्य स्थित मां ललिता देवी का मंदिर आदिशक्ति मां जगदंबे के भक्तों के लिए आस्था का प्रतीक है। नैमिषारण्य में इस प्रसिद्ध तीर्थ स्थल के प्रवेश द्वार के दोनों ओर हाथी की मूर्तियां हैं। नैमिषारण्य में ललिता देवी का वर्णन 51 शक्ति पीठों में आता है। *वेद व्यास आश्रम* नैमिषारण्य स्थित वेद व्यास आश्रम, जिसे व्यास गद्दी के नाम से भी जाना जाता है, मनु-शतरूपा मंदिर के समीप स्थित है। मान्यता है कि इसी आश्रम में महर्षि वेदव्यास ने 4 वेद, 6 शास्त्र, 18 पुराण, गीता, महाभारत और श्री सत्यनारायण व्रत कथा की रचना की थी। *नैमिषारण्य देश—प्रदेश का प्रमुख पर्यटन स्थल : जयवीर सिंह* पर्यटन एवं संस्कृत मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि पावन धाम नैमिषारण्य देश—प्रदेश का प्रमुख पर्यटन स्थल है। उत्तर प्रदेश पर्यटन यहां का चहुंमुखी विकास करा रहा है। पर्यटन स्थल के साथ—साथ पर्यटक सुविधाओं के कार्य कराए जा रहे हैं। गणतंत्र दिवस की परेड में शामिल उत्तर प्रदेश पर्यटन की झांकी को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है जो कि गर्व की बात है।