संख्या पता चलने से पर्यटन से जुड़ी योजनायें बनाने व पर्यटकों को और अधिक सुविधा देने में मिलेगी मदद :जयवीर सिंह  
लखनऊ: /उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग और पर्यटन मंत्रालय भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में प्रदेश के सभी जिलों में पर्यटकों की गणना कराई जा रही है। पहले चरण में 01 जून से पर्यटकों की गणना का कार्य शुरू हो चुका है जो 30 जून तक चलेगा। दूसरे चरण में 01 अगस्त, 2024 से 31 जुलाई, 2025 तक गणना कराई जायेगी। इस कार्य के लिए इंडिया इंस्टिट्यूट आफ लोकल सेल्फ गवर्नमेंट को कार्यदायी संस्था बनाया गया है। यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने दी। उन्हांेने बताया कि उ0प्र0 पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से विकास करने वाला राज्य है। बीते वर्ष 48 करोड़ से अधिक देशी-विदेशी पर्यटकों ने यूपी का रुख किया। यह संख्या वर्ष 2022 से 50 प्रतिशत से भी अधिक है। उन्होंने बताया कि उ0प्र0 में धार्मिक पर्यटन लगातार लोकप्रिय हो रहा है। काशी, अयोध्या तथा मथुरा में घरेलू एवं विदेशी पर्यटकों की संख्या में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है।श्री जयवीर सिंह ने बताया कि सरकार यहां पर्यटन स्थलों और पर्यटक सुविधाओं का विकास कर रही है। दो चरणों की गणना से पर्यटकों की संख्या के साथ ही होटल आदि की वास्तविक जानकारी मिल सकेगी। इससे पर्यटन से जुड़ी योजनाएं बनाने में न केवल मदद मिलेगी बल्कि पर्यटकों को अच्छी सुविधा देने में सफल होंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश की सभी जनपदों में ज्ञात एवं अल्पज्ञात पर्यटन स्थलों का सौन्दर्यीकरण कराया जा रहा है। इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। शीघ्र ही उ0प्र0 पर्यटन का हब बनेगा।श्री जयवीर सिंह ने बताया कि पर्यटन स्थलों के अलावा बस स्टेशन, हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशन, एकमोडेशन प्वाइंट जैसे होटल्स, रेस्टोरेंट, धर्मशाला, गेस्ट हाउस, होम स्टे आदि की गणना कराई जाएगी। कार्यदायी संस्था के कर्मचारी पर्यटकों की गणना कर एप पर अपलोड कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि उ0प्र0 घरेलू पर्यटकों के मामले में पूरे देश में प्रथम स्थान पर बना हुआ है। विदेशी पर्यटकांे को उ0प्र0 की ओर आकर्षित करने के लिए बुनियादी सुविधाओं को बेहतर किया जा रहा है। पर्यटन में रोजगार एवं आमदनी की असीमित संभावनायें हैं। पर्यटन का प्रदेश की अर्थव्यवस्था में अहम योगदान है। इस योगदान को और अधिक बढ़ाकर 01 खरब मिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के संकल्प को पूरा करने में मदद मिलेगी।प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से विकास करने वाला राज्य है। यहां आने वाले सभी पर्यटकों को विशिष्ट अनुभव देने का प्रयास किया जा रहा है। इस सर्वे से निश्चित रूप से विकास को गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि ग्रामीण पर्यटन तथा होम स्टे एवं ईको पर्यटन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। पर्यटकों का वास्तविक आंकड़ा प्राप्त होने पर जिन स्थलों पर ज्यादा से ज्यादा विदेशी एवं घरेलू पर्यटक आ रहे हैं, उन स्थलों को चिन्हित करते हुए अवस्थापना सुविधाओं का विस्तार किया जायेगा।