स्थानीय लोगों को रोजगार और उद्यम से जोड़ने के लिए इको टूरिज्म विकास बोर्ड की पहल
लखनऊ । उत्तर प्रदेश इको टूरिज्म विकास बोर्ड लखनऊ, कानपुर, कन्नौज और उन्नाव के लोगों को रोजगार और उद्यम से जोड़ने के लिए महत्वपूर्ण पहल कर रहा है। लखनऊ से एक दिवसीय इको टूर पैकेज तैयार किया जा रहा है। यानि पर्यटक सुबह वहां से चलकर दिनभर यहां भ्रमण करने के बाद शाम तक आराम से लौट सकते हैं। इसी क्रम में युवा पर्यटन क्लब लखनऊ के पांच सौ से अधिक सदस्यों को विश्व पर्यटन दिवस पर 27 सितंबर को भ्रमण कराया गया।
राजकीय इंटर कॉलेज निशातगंज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज शाहमीनार तथा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज चिनहट के विद्यार्थियों को लखनऊ चिड़ियाघर का शैक्षिक भ्रमण कराया गया। जीजीआईसी विकास नगर और जीजीआईसी इंदिरानगर के विद्यार्थियों को कुकरैल रिज़र्व फ़ॉरेस्ट का भ्रमण कराया गया। जनता इंटर कॉलेज आलमबाग तथा जीजीआईसी छोटी जुबली लखनऊ के विद्यार्थियों को कानपुर चिड़ियाघर का भ्रमण कराया गया। जीजीआईसी सरोसा भरोसा और जीजीआईसी श्रृंगारनगर लखनऊ के विद्यार्थियों को नवाबगंज पक्षी विहार का भ्रमण कराया गया। राजकीय हाईस्कूल मस्तेमऊ गोसाईंगंज और अग्रसेन इंटर कॉलेज बनवाली गली चौक लखनऊ के विद्यार्थियों को लाख बहोसी पक्षी विहार, कन्नौज का भ्रमण कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने यहां विभिन्न आकर्षणों को देखा। लखनऊ, कानपुर और इसके आसपास का क्षेत्र प्राकृतिक रूप से बहुत ही समृद्ध है। यहां इको टूरिज्म की असीम संभावनाएं हैं।
राजधानी लखनऊ में स्थानीय लोगों के अलावा ऐसे यात्रियों की बड़ी संख्या है जो अयोध्या, काशी सहित प्रदेश के अन्य गंतव्य स्थलों पर जाते हैं। इको टूरिज्म विकास बोर्ड का प्रयास है कि इन पर्यटकों को सुबह से शाम तक के भ्रमण में कानपुर आसपास के प्राकृतिक आकर्षण से साक्षात्कार कराया जाए। इसी के अंतर्गत बीते महीनों लखनऊ से नवाबगंज पक्षी विहार की आइटनरी तैयार की गई। Ease my trip के साथ MoU कर इस पैकेज का संचालन किया जा रहा हैं।
इसी तरह बोर्ड कानपुर जूलॉजिकल पार्क और लाख बहोसी पक्षी विहार कन्नौज का अलग अलग एक दिवसीय पैकेज तैयार किया जा रहा है। पैकेज संचालन के लिए संबंधित कंपनियों के MoU भी किया जाएगा।
प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति अमृत अभिजात ने बताया कि पर्यटन स्थानीय लोगों के विकास का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। हमें पूर्ण विश्वास है कि पैकेज बनने के बाद प्रकृति में रुचि रखने वाले पर्यटकों की संख्या में तेजी से वृद्धि होगी।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश प्रकृति के आकर्षणों से समृद्ध राज्य है। इसलिए यहां इको पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं, जिसे धरातल पर उतारा जा रहा है। आने वाले दिनों में कानपुर और लखनऊ ईको टूरिज्म बहुत ही तेजी से ग्रोथ करेगा।
0 टिप्पणियाँ