उत्तर प्रदेश आत्मनिर्भर भारत में अपना योगदान दे रही : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
प्रणाम पर्यटन ब्यूरो ,लखनऊ
लखनऊ : 24 जनवरी, 2026 केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में आज यहां राष्ट्र प्रेरणा स्थल में आयोजित ‘उत्तर प्रदेश दिवस’ के अवसर पर सरदार वल्लभ भाई पटेल इम्प्लॉयमेण्ट एण्ड इण्डस्ट्रियल जोन का शुभारम्भ तथा ‘एक जिला एक व्यंजन’ योजना की लॉचिंग की। कार्यक्रम में 05 विभूतियों विंग कमाण्डर श्री शुभांशु शुक्ल, श्री अलख पाण्डेय, सुश्री रश्मि आर्य, डॉ0 हरिओम पंवार व डॉ0 सुधांशु सिंह को उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 05 जनपदों (जौनपुर, आजमगढ़, हरदोई, अम्बेडकरनगर, झांसी) के जिलाधिकारियों को सम्मानित किया गया। उन्होंने भारत माता की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किये। इससे पूर्व, उन्होंने अन्य अतिथियों के साथ ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर’ प्रदेश थीम पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने विकसित भारत तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने विकसित उत्तर प्रदेश बनाने का संकल्प लिया है। हम सब आज के दिन इस संकल्प को दोहराते हैं कि जब 15 अगस्त, 2047 में देश की आजादी की सदी मनाई जाएगी, तो हमारा उत्तर प्रदेश पूर्ण विकसित प्रदेश बनकर विकसित भारत का एक अहम राज्य बनेगा। उत्तर प्रदेश भारत की धड़कन व आत्मा है। यह प्रदेश भारत के विकास का इंजन भी बनने जा रहा है।
गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि यह वही भूमि है, जिसे प्रभु श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण, बाबा विश्वनाथ, भगवान महावीर, भगवान बुद्ध सहित अनेक युग प्रवर्तक महानुभावों ने पावन किया है। आज मैं राष्ट्र प्रेरणा स्थल में पहली बार आया हूं। यह प्रेरणा स्थल तीन महानुभावों की गगनचुम्बी मूर्तियों और अन्य सुविधाओं से युक्त है। प्रेरणा स्थल के निर्माण का श्रेय मुख्यमंत्री जी और उनकी सरकार को जाता है। आने वाले दिनों में यह प्रेरणा स्थल राष्ट्र चेतना की जागृति का स्थल बनेगा। जनसंघ की स्थापना करने वाले तथा कश्मीर के लिये अपना बलिदान देने वाले डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी, एकात्म मानववाद के जनक पं0 दीनदयाल उपाध्याय जी और भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की स्मृति में बना यह स्थल दशकों तक देश को दिशा प्रदान करेगा।
प्रदेश सरकार ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल के माध्यम से कूड़े को कंचन में बदलने की व्यवस्था की है। यह समग्र उत्तर प्रदेश को प्रेरणा प्रदान करने वाला स्थान बना है। आज यहां पर सी0एम0 युवा उद्यमी विकास अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच जनपदों को सम्मानित किया गया है। इस अभियान में प्रत्येक वर्ष 01 लाख युवाओं को 05 लाख रुपये तक ब्याज व गारन्टी मुक्त ऋण देने तथा 10 प्रतिशत अनुदान की व्यवस्था की गयी है। अब तक 01 लाख 30 हजार युवाओं को 05 हजार 322 करोड़ रुपये का लाभ प्राप्त हो चुका है।
गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में सरकार के घोषणा पत्र में ‘एक जनपद एक उत्पाद’ योजना की कल्पना सम्मिलित की गयी। तब कुछ लोग कहते थे कि क्या यह उत्तर प्रदेश में सम्भव हो पाएगा। डबल इंजन सरकार के प्रयासों से यह योजना प्रदेश के साथ-साथ सम्पूर्ण देश में प्रसिद्धि प्राप्त कर चुकी है। यह योजना कारीगरों, युवाओं, महिलाओं के लिये रोजगार का साधन बनी है। आज यहां पर प्रदेश के प्रत्येक जनपद से सम्बन्धित व्यंजन मेला लगा है। प्रदेश सरकार ने राज्य के विश्व प्रसिद्ध स्वादिष्ट व्यंजनों को लोगों के समक्ष फिर से प्रस्तुत करने का काम किया है।
गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि आज विंग कमाण्डर शुभांशु शुक्ला, श्री अलख पाण्डेय, सुश्री रश्मि आर्य, डॉ0 हरिओम पंवार तथा डॉ0 सुधांशु सिंह को उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान प्रदान किया गया है। इससे निश्चित रूप से कई प्रतिभाशाली युवाओं को अपने क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन करने का प्रोत्साहन मिलेगा। हम लोग डॉ0 हरिओम पंवार जी को लम्बे अरसे से सुन रहे हैं। इन्होंने सतर्कता व सटीकता के साथ अनेक प्रकार की कविताओं के माध्यम से समाज को जागरूक किया है।
आज यहां लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के नाम से सरदार पटेल औद्योगिक क्षेत्र योजना का शुभारम्भ हुआ है। उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने के लिए यह योजना महत्वपूर्ण साबित होगी। इस योजना की डिटेल प्लानिंग की गयी है। वर्ष 2025-26 में इसके प्रथम चरण में आज 06 जोन का शिलान्यास हुआ। वर्ष 2026-27 में द्वितीय चरण में 06 जोन का लोकार्पण और 30 जोन का शिलान्यास होगा। वर्ष 2027-28 में तृतीय चरण में 30 जोन का लोकार्पण और बचे हुए 39 जोन का शिलान्यास किया जाएगा। इस योजना के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को स्थानीय रूप से रोजगार प्राप्त होगा, जिससे वह अपने माता-पिता की सेवा भी कर सकेंगे।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश में योजनाओं को धरातल पर उतारा है। एक जमाने में उत्तर प्रदेश को लेबर सोर्स स्टेट के रूप में माना जाता था। आज यह प्रदेश भारत की इकोनॉमी का फोर्स स्टेट बन चुका है। डबल इंजन सरकार ने बीमारू राज्य को ब्रेक-थ्रू राज्य बनाकर विकास को प्रदेश के गांव-गांव तक पहुंचाया है। विगत 03 वर्षां में उत्तर प्रदेश की कृषि विकास दर 17 प्रतिशत रही है। देश के खाद्यान्न उत्पादन में 20 प्रतिशत योगदान उत्तर प्रदेश का है। निःसंकोच कहा जा सकता है कि आज उत्तर प्रदेश भारत का फूड बास्केट बन चुका है। यह प्रदेश गन्ना व इथेनॉल उत्पाद में देश में नम्बर 01 पर है।
गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रदेश में केन्द्र सरकार की सभी योजनाएं धरातल पर उतर रही हैं। प्रदेश में 62 लाख गरीबों को पक्के घर तथा 01 करोड़ से अधिक महिलाओं, वृद्धजन, दिव्यांगजन को पेंशन का लाभ प्राप्त हुआ है। अयोध्या में 550 वर्षां की प्रतीक्षा के उपरान्त श्रीराम मंदिर निर्माण का कार्य पूर्ण हो चुका है। प्रयागराज में महाकुम्भ के विराट आयोजन ने सनातन धर्म की ख्याति को दिग-दिगन्त तक पहुंचाने का काम किया है। अब उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक निर्यात में भी 11 प्रतिशत वृद्धि के साथ देश के सभी राज्यों के साथ स्पर्धा कर रहा है। आई0टी0 का निर्यात 82,000 करोड़ रुपये की सीमा पार कर चुका है।
गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रदेश में वर्ष 2017 से पूर्व कोई डाटा सेण्टर, सेमीकण्डक्टर की फैक्ट्रियां, मोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग आदि की कल्पना नहीं कर सकता था। आज उत्तर प्रदेश इन सभी उत्पादों के लिए ड्रीम डेस्टिनेशन बन चुका है। अब तक प्रदेश को 45 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, उनमें से 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतारे जा चुके हैं।
उत्तर प्रदेश की कानून और व्यवस्था में ऐतिहासिक सुधार आया है। डकैती में 94 प्रतिशत तथा लूट में 82 प्रतिशत की कमी आयी है। डबल इंजन सरकार ने इस सीमान्त राज्य और देश की सीमाओं को सुरक्षित करने का काम किया है। यहां की कनेक्टिविटी सुधरी है। उत्तर प्रदेश प्रत्येक प्रकार से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ चुका है। यह प्रदेश प्रत्येक कालखण्ड में देश को सुरक्षित करने वाला राज्य बना है। प्रदेश में एक बार पुनः देशभक्ति की लौ जागृत हो चुकी है। प्रधानमंत्री जी और मुख्यमंत्री जी ने प्रदेश के विकास की सभी सम्भावनाओं को तराश कर अपना सर्वश्रेष्ठ देने का प्रयास किया है।
गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने प्रदेश में नेशनल हाईवे का जाल बिछाया है। उत्तर प्रदेश में आज सबसे ज्यादा एयरपोर्ट हैं। भारत सरकार ने यहां एक डिफेंस कॉरिडोर स्थापित किया है, जहां ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। योगी सरकार ने भ्रष्टाचार को नेस्तनाबूद कर दिया है। कानून-व्यवस्था की स्थिति चाक-चौबन्द हुई है। गरीबों के कल्याण के लिए अनेक योजनाओं को जमीन पर उतारा गया है। प्रदेश के प्रत्येक गांव में कम से कम 20 घण्टे बिजली पहुंचाने की व्यवस्था की गयी है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को ‘उत्तर प्रदेश दिवस’ की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुये कहा कि भारत वैश्विक मंच पर अपनी नयी पहचान बना रहा है। विगत 11 वर्षों में हमने बदलते हुये भारत की तस्वीर देखी है। ‘उत्तर प्रदेश दिवस’ के उपलक्ष्य में नये भारत के शिल्पी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का एक सन्देश प्राप्त हुआ है। प्रधानमंत्री जी ने अपने सन्देश में लिखा है कि आज 24 जनवरी को ‘उत्तर प्रदेश दिवस’ मनाया जा रहा है। मैं सभी यू0पी0वासियों को ‘उत्तर प्रदेश दिवस’ की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं। मैं काशी का सांसद हूं, उत्तर प्रदेश के लोगों ने मुझे चुनकर लोकसभा भेजा है। इसलिए यह दिन मेरे लिये और भी विशेष हो जाता है। यू0पी0 के लोगों से मुझे जो प्रेम और आत्मीयता मिली है, वह मेरे लिये बहुत बड़ी पूंजी है।
प्रधानमंत्री ने लिखा है कि उत्तर प्रदेश की मिट्टी में कुछ खास है। इस प्रदेश ने हमेशा अपनी सामर्थ्य व प्रतिभा से देश के विकास को गति प्रदान की है। मुझे खुशी है कि हमारा उत्तर प्रदेश आज ‘विकास भी और विरासत भी’ के मंत्र का उत्तम उदाहरण बन रहा है। उत्तर प्रदेश में प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या है। भगवान की श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा-वृन्दावन है। इसी भूमि पर सारनाथ से भगवान बुद्ध का ज्ञान विश्व को प्राप्त हुआ था। इस प्रदेश में अनादि काशी और पवित्र प्रयागराज भी है। अयोध्या में श्रीराम मन्दिर की प्राण प्रतिष्ठा व ध्वजारोहण, काशी में श्री काशी विश्वनाथ धाम का पुनर्निर्माण, प्रयागराज में महाकुम्भ का आयोजन और वर्तमान में गतिशील माघ मेला यू0पी0 की सांस्कृतिक सामर्थ्य को दर्शाता है। यह सामर्थ्य प्रदेश में पर्यटन की अपार सम्भावनाओं को साकार कर रहा है।
प्रधानमंत्री ने लिखा है कि उत्तर प्रदेश झांसी और मेरठ से लेकर काकोरी तक स्वतंत्रता आन्दोलन की उर्वरा भूमि भी रहा है। इस प्रान्त की मिट्टी को रानी लक्ष्मी बाई, झलकारी बाई, बेगम हजरतमहल, मंगल पाण्डे, रामप्रसाद बिस्मिल, चन्द्रशेखर आजाद तथा अशफाक उल्ला खां जैसी महान विभूतियों की जन्म व कर्मभूमि बनने का गौरव प्राप्त है। मध्यकाल में महाराजा सुहेलदेव ने आक्रमणकारियों के आतंक का अन्त किया था। इतिहास राजा बिजली पासी के शौर्य का भी साक्षी रहा है। ऐसी महान प्रेरक गाथाओं को साथ लेकर उत्तर प्रदेश के लोगों ने अपने श्रम, सामर्थ्य व निष्ठा से राज्य की अलग पहचान बनायी है।
प्रधानमंत्री ने लिखा है कि आज उत्तर प्रदेश तेजी से 01 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। एक समय ऐसा भी था, जब दशकों तक प्रोजेक्ट्स के लम्बित रहने के कारण आम लोगों के मन में व्यवस्था के प्रति अविश्वास पैदा हो गया था, लेकिन वर्तमान सरकार द्वारा पुराने प्रोजेक्ट्स पूर्ण किये जा रहे हैं। नयी परियोजनायें भी तेजी से पूरी की जा रही हैं। इसमें केन्द्रीय स्तर पर होने वाली ‘प्रगति’ की बैठकों की भी अहम भूमिका रही है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे के बाद अब गंगा एक्सप्रेस-वे भी यू0पी0 के विकास को नयी रफ्तार देने जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने लिखा है कि उत्तर प्रदेश जल्द ही 21 हवाई अड्डों वाला प्रदेश बनने की राह पर है और देश में सबसे आगे खड़ा है। लखनऊ, वाराणसी तथा अयोध्या जैसे एयरपोर्ट दुनिया के लिये हमारा द्वार खोल रहे हैं। जेवर का नोएडा इन्टरनेशनल एयरपोर्ट भी शीघ्र ही लाखों यात्रियों की उम्मीदां को उड़ान देगा। अपने विशाल जन सामर्थ्य के साथ आज यू0पी0 आत्मनिर्भर भारत अभियान को बल दे रहा है।
उत्तर प्रदेश में लाखों की संख्या में एम0एस0एम0ई0, लघु और कुटीर उद्योग भी हैं, जैसे बनारसी साड़ियां, भदोही के कालीन, कन्नौज का इत्र या मुरादाबाद के पीतल के बर्तन। यू0पी0 के हर जिले की अपनी शक्ति है। ‘एक जनपद, एक उत्पाद’ योजना ने यहां के लाखां लघु उद्योगों को सशक्त किया है। इसके साथ ही, सेमीकण्डक्टर चिप्स, ब्रह्मोस मिसाइल उत्पादन तथा डिफेन्स कॉरिडोर के माध्यम से उत्तर प्रदेश विकसित होते भारत का प्रतिबिम्ब बनकर उभर रहा है।
प्रधानमंत्री ने लिखा है कि मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग में उत्तर प्रदेश के नम्बर-1 होने पर हमें गर्व है। उत्तर प्रदेश आज मजबूत कानून-व्यवस्था का उदाहरण बन चुका है। नये कीर्तिमान के साथ ही राज्य ने जनसेवा और लोककल्याणकारी नीतियों को अन्तिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाकर उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। गरीबों के लिए रिकॉर्ड संख्या में बने नये घरों से लेकर बेहतर जीवन के लिए उन तक पहुँच रही विभिन्न सुविधाएं अन्त्योदय के लिये सरकार के समर्पण को प्रदर्शित करती हैं।
प्रधानमंत्री ने लिखा है कि प्रदेश पिछड़ों को प्राथमिकता के मंत्र को आत्मसात करते हुये आगे बढ़ रहा है। मुझे याद है कि मैंने गरीब महिलाओं के जीवन में बड़ा परिवर्तन लाने वाली ‘प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना’ को उत्तर प्रदेश के बलिया से शुरू किया था। आज यह योजना गरीब कल्याण और महिला सशक्तिकरण का पर्याय बन चुकी है। आज का यह दिन प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के लिये संकल्प का भी अवसर है। राज्य के सभी निवासियों को विकास के प्रत्येक पैरामीटर पर प्रदेश को नम्बर वन बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ना होगा। हम संकल्प लें कि यू0पी0 को आत्मनिर्भर अभियान, मिशन मैन्युफैक्चरिंग, ग्रीन एनर्जी सहित विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी बनायेंगे।
प्रधानमंत्री ने लिखा है कि जनसंख्या की दृष्टि से यह प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य है। जब हम सामूहिक शक्ति से विकास का निर्धारित लक्ष्य लेकर चलेंगे, तो यू0पी0 की प्रगति से देश के विकास को भी गति प्राप्त होगी। मैं एक बार फिर उत्तर प्रदेश के सामर्थ्य व प्रदेशवासियों के समर्पण को नमन करते हुये उत्तर प्रदेश दिवस की बधाई देता हूँ। विकसित उत्तर प्रदेश का यह संकल्प दिन-प्रतिदिन विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति की ऊर्जा बनेगा।
मुख्यमंत्री जी ने प्रधानमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुये कहा कि उनका यह सन्देश सभी प्रदेशवासियों के लिये है। आज हम उत्तर प्रदेश के 77वें स्थापना दिवस के अवसर पर राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर एकत्रित होकर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देश के गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी का महत्वपूर्ण उद्बोधन सुन रहे हैं। यह कार्यक्रम देश के सभी राज्यों तथा उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में आयोजित किया जा रहा है। देश व दुनिया में जहाँ कहीं भी उत्तर प्रदेशवासी है, वह आज इस अयोजन के साथ जुड़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2018 में पहली बार उत्तर प्रदेश की स्थापना दिवस कार्यक्रम को आयोजित किया गया था, तब श्री राम नाईक जी प्रदेश के राज्यपाल थे। प्रधानमंत्री जी एवं गृह मंत्री जी की प्रेरणा से हम लोगों ने परम्परागत उद्यमों को ‘एक जनपद एक उत्पाद’ योजना के रूप में आगे बढ़ाया था। आज यह योजना आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की नयी ताकत बनी है तथा आत्मनिर्भर भारत में अपना योगदान दे रही है। आज गृह एवं सहकारिता मंत्री जी के कर-कमलों से ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ योजना लागू की गयी है। इस योजना में प्रदेश के सभी 75 जनपदों की 75 विशिष्ट खाद्य सामग्रियों को सम्मिलित किया गया है। यह योजना भी उत्तर प्रदेश की नयी ताकत बनेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के माध्यम से लोगों को श्री अन्न आदि से निर्मित अच्छी एवं हाईजीन युक्त खाद्य सामग्री प्राप्त होगी। स्थानीय खाद्य उत्पाद को जियो टैग उपलब्ध कराने तथा उन्हें वैश्विक पहचान दिलाने का कार्य होगा। खाद्य सामग्रियों की पैकेजिंग व डिजायनिंग को घरेलू एवं वैश्विक मांग के अनुरूप बनाते हुये उन्हें निर्यात करने का अवसर प्राप्त होगा। आज यहां देश के लिये लीक से हटकर कुछ विशिष्ट कर दिखाने वालीं 05 विभितियों को उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया है।
आज प्रदेश के युवाओं के लिये सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेन्ट जोन नामक एक नयी योजना का शुभारम्भ भी किया गया है। यह एप्लॉयमेन्ट जोन प्रदेश के प्रत्येक जनपद में लगभग 100 एकड़ क्षेत्रफल में स्थापित किये जाएंगे। नौकरी करने अथवा अपना कारोबार प्रारम्भ करने के इच्छुक युवाओं के स्केल को स्किल डेवलपमेन्ट में बदलने का कार्य किया जायेगा। इसके पश्चात उनकी योग्यता व क्षमता के अनुरूप उन्हें रोजगार से जोड़ा जायेगा। कार्यक्रम को केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री श्री पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य व श्री ब्रजेश पाठक तथा प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री श्री राकेश सचान सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।








0 टिप्पणियाँ