लखनऊ:घरेलू पर्यटन में अव्वल उत्तर प्रदेश आने वाले दिनों में असीमित रोजगार के द्वार खोलेगा। पिछले वर्ष पर्यटकों की संख्या में 190 प्रतिशत का उछाल रहा तो मौजूदा वर्ष में यह गति और तेज है। जनवरी में रामलला मंदिर के गर्भगृह में विराजेंगे, इसके बाद श्रद्धालुओं का रेला उमड़ेगा। यह बेरोजगार हाथों को काम सौंपने के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उस विश्वास को मजबूती प्रदान करेगा जिसमें उन्होंने वर्ष 2030 तक पर्यटन को बड़े रोजगार अवसर के रूप में जताया है। यह जानकारी पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में प्रदेश में 31 करोड़ 85 लाख 62 हजार 573 पर्यटक आए थे। यह संख्या वर्ष 2021 से 190 प्रतिशत ज्यादा है। इसमें 31 करोड़ 79 लाख 13 हजार 587 भारतीय जबकि छह लाख 48 हजार 986 विदेश के पर्यटक हैं। इस वर्ष पर्यटकों के आने की रफ्तार और तेज है। यूपी में जून तक करीब 14 करोड़ 58 लाख 68 हजार 959 पर्यटक आए हैं जबकि बीते वर्ष जून तक 13 करोड़ 49 लाख 64 हजार 792 पर्यटक आए थे। यानी इस वर्ष छह महीने में करीब 01 करोड़ 09 लाख 04 हजार 167 पर्यटक ज्यादा आए हैं। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग प्रदेश में पर्यटन बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।