लखनऊ। (प्रणाम पर्यटन ब्यूरो)राष्ट्रीय पर्यटन दिवस पर उत्तर प्रदेश पर्यटन ने फोटोग्राफी अभियान शुरू किया। पोर्टल पर पर्यटन स्थलों की​ फोटो अपलोड करने पर चयनित प्रति फोटो 100 रुपये मिलेंगे। इसके लिए विभाग ने लखनऊ में अवध शिल्प ग्राम में आयोजित कार्यक्रम में इनमोबी ग्लांस कंपनी के साथ एमओयू किया। इस फोटोग्राफी कैंपेन को यूपी क्लोज एंड पर्सनल थ्रू द लेंस नाम दिया गया है। प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति मुकेश कुमार मेश्राम ने कहा कि देश—दुनिया तक पर्यटन स्थलों को प्रचारित करने में यह प्रयास मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि upcnp.art नामक पोर्टल पर फोटो अपलोड करना होगा। इसमें सबसे अच्छी फोटो की एग्जबिशन लगाई जाएगी। श्री मेश्राम ने कहा कि उत्तर प्रदेश भारत की हृदयस्थली है। यहां पर्यटन क्षेत्र बहुत तेजी के साथ विकास कर रहा है। अभी घरेलू पर्यटन के मामले में देश में पहले स्थान पर हैं। शीघ्र यह उपलब्धि विदेश से आने वाले पर्यटकों के मामले में भी हासिल करेंगे। उत्तर प्रदेश ऐसा राज्य है जिसकी प्रत्येक क्षेत्र में अपनी विशिष्टता है। इन्हीं विशिष्टताओं को वैश्विक फलक पर पहुंचाने के लिए इनमोबी ग्लांस के साथ आज एमओयू हुआ है। उन्होंने कहा कि पर्यटन किसी भी व्यक्ति के लिए बहुत आवश्यक है। सभी को पर्यटन के लिए समय निकालना चाहिए। पर्यटन से तन और मन स्वस्थ रहता है। निदेशक पर्यटन प्रखर मिश्रा ने फोटोग्राफी अभियान पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि इस अभियान की खास बात यह कि फोटो कोई भी व्यक्ति कर सकता है। केवल फोटो पर्यटन स्थलों की होनी चाहिए और उसकी गुणवत्ता ठीक होनी चाहिए। ग्लोबल एसवीपी एंड चीफ कारपोरेट अफेयर एंड पब्लिक पालिसी आफिसर डा. सुबी चतुर्वेदी ने कहा उत्तर प्रदेश सिर्फ एक राज्य नहीं है; यह मेरा घर है, इतिहास, संस्कृति का भंडार है। यहां अनेक सुंदरता और अनकही कहानियाँ हैं। यूपी को दुनिया के सामने प्रदर्शित करने की जरूरत है। इसमें यह अभियान महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। प्रथम पुरस्कार आर्य गुरुकुल महाविद्यालय सिरसागंज फिरोजाबाद को मिला पर्यटन विभाग ने युवाओं को पर्यटन से जोड़ने के लिए सभी जिलों में युवा पर्यटन क्लब बनाए हैं। पूरे प्रदेश में 1,506 क्लब के माध्यम से 32 हजार से ज्यादा सदस्यों को जोड़ चुका है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन करने तथा प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक, धार्मिक, आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक विरासत के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शासकीय एवं गैर शासकीय शैक्षणिक संस्थानों में युवा पर्यटन क्लब का गठन किया गया है। राष्ट्रीय पर्यटन दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में क्लब को प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख, द्वितीय पुरस्कार के रूप में पचास हजार , तृतीय पुरस्कार के रूप में 25 हजार रुपये दिए गए। प्रथम पुरस्कार आर्य गुरुकुल महाविद्यालय सिरसागंज फिरोजाबाद के छात्र विकास, राहुल कुमार, वैभव कुमार, हिमांशु, जितेंद्र, देवेश को दिया गया। द्वितीय पुरस्कार आदित्य नारायण राजकीय इंटर कालेज चकिया के विवेक कुमार मौर्य , जैद, सुजीत कुमार, प्रिंस को दिया गया। राजकीय कन्या इंटर कालेज बस्ती तृतीय पुरस्कार अनुष्का नाथ, दीपिका पटेल, नीलू पटेल, जूही कुमारी, नैना मोदनवाल, संध्या गुप्ता, आंचल और सबा खातून को दिया गया। आर्य गुरुकुल महाविद्यालय सिरसागंज फिरोजाबाद के ​प्रिंसिपल ज्ञान सिंह पंवार को दिया गया। आर्य गुरुकुल महाविद्यालय सिरसागंज के प्राचार्य ज्ञान प्रकाश सिंह पंवार को सम्मानित किया गया। इसी तरह आदित्य नारायण राजकीय इंटर कालेज चकिया के सहायक अध्यापक अनिल कुमार और टीआइओ नितिन कुमार को सम्मानित किया गया। बस्ती के पर्यटन अधिकारी विकास नारायण को सम्मानित किया गया। राजकीय कन्या इंटर कालेज की नीलम सिंह को सम्मानित किया गया। इससे पूर्व उत्तर प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर आधारित शार्ट फिल्म दिखाई गई।