दीपोत्सव विकास और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक भी : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ


 लखनऊ : 19 अक्टूबर, 2025/ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने राम की पैड़ी, अयोध्या में दीपोत्सव-2025 के अवसर पर दीप प्रज्वलित किया। इस अवसर पर उन्होंने मंत्रोच्चार के साथ सरयू जी की आरती एवं पूजन किया। 2,128 साधक एवं अर्चकों ने एक साथ सरयू जी की आरती कर विश्व रिकॉर्ड बनाया। दीपोत्सव-2025 में राम की पैड़ी पर एक साथ 26 लाख 17 हजार 215 दीप प्रज्वलित करने का गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित हुआ।  गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की ओर से मुख्यमंत्री जी को इन कीर्तिमानों का प्रमाण-पत्र सौंपा गया। इस प्रकार दीपोत्सव-2025 में 02 विश्व कीर्तिमान रचे गए।


मुख्यमंत्री  ने इस अवसर पर कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि दीपोत्सव न केवल आस्था का उत्सव है, बल्कि यह उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा और सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक है। दीपोत्सव ने उत्तर प्रदेश को नई पहचान दी है। उत्तर प्रदेश अंधकार से उजाले की ओर अग्रसर है। प्रदेश के नौजवानों, नागरिकों के सामने पहचान का संकट न खड़ा हो और कोई भी उनकी आस्था से खिलवाड़ न कर सके, इसके लिए डबल इंजन सरकार लगातार कार्य कर रही है। आज अयोध्या धाम में 26 लाख 17 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित हुए हैं, जो लोगों की आस्था और दीप बनाने वालों के परिश्रम का प्रतीक हैं। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उन्हें श्रीराम जन्मभूमि पर श्रीरामलला के समक्ष पहला दीप प्रज्वलित करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। यह क्षण उनके लिए गौरवपूर्ण है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बिना भेदभाव के जनकल्याणकारी और विकास कार्यों को पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ा रही है। जनता-जनार्दन के एक-एक पैसे का सदुपयोग किया जा रहा है। भगवान श्रीराम का आदर्श चरित्र सभी को प्रेरणा प्रदान करता है। अयोध्या में भव्य श्रीराम जन्मभूमि मन्दिर का निर्माण भारतवासियों की आस्था तथा नए भारत एवं एक भारत श्रेष्ठ भारत का प्रतीक है। भारत एक रहेगा, तो श्रेष्ठ रहेगा, कोई हमारी आस्था को ठेस नहीं पहुंचा पाएगा और दीपोत्सव सहित हर पर्व एवं त्योहार शान्तिपूर्वक सम्पन्न होते रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपोत्सव हमारी आस्था और उमंग का प्रतीक है, जिसे व्यक्त करने के लिए लाखों श्रद्धालु उपस्थित हैं और दीपोत्सव-2025 के साक्षी बन रहे हैं। उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा बिना डिगे, बिना झुके, बिना रुके अनवरत रूप से आगे बढ़ती रहेगी। हमें गुलामी की मानसिकता से निकलना होगा।


मुख्यमंत्री  ने दीपोत्सव-2025 को भव्य स्वरूप प्रदान करने में अपनी भूमिका का निर्वहन करने वाले स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी स्वयंसेवकों ने जिला प्रशासन व पर्यटन विभाग के साथ मिलकर दीपोत्सव को सफल बनाया। मुख्यमंत्री  ने इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि यदि उन्हें दीपोत्सव का कार्यक्रम अच्छा लगा है, तो वे अपने मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाकर एकता, उल्लास और सकारात्मक ऊर्जा का सन्देश दें। उपस्थिति श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री जी के आग्रह पर उत्साह से प्रतिक्रिया देते हुए दीपोत्सव-2025 की सफलता के प्रति अपनी सहमति दी। दीपोत्सव-2025 के अवसर पर राम की पैड़ी पर 3-डी होलोग्राफिक शो, प्रोजेक्शन मैपिंग, रामायण पर आधारित भव्य लेजर-शो तथा ड्रोन शो का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर दिव्य व नयनाभिराम आतिशबाजी का भी लोगों ने आनन्द उठाया।


मुख्यमंत्री  ने श्रीराम जन्मभूमि मन्दिर में दर्शन-पूजन तथा दीप प्रज्वलित किया। इसके उपरान्त, मुख्यमंत्री जी ने रामकथा पार्क में 9वें दीपोत्सव के तहत आयोजित श्रीरामलीला की प्रस्तुतियों का अवलोकन किया। इस दौरान विभिन्न देशों तथा विभिन्न राज्यों से आए सांस्कृतिक दलों द्वारा श्रीरामलीला का मंचन किया गया।