लखनऊ, 13 अप्रैल 2026 / उत्तर प्रदेश में वेलनेस टूरिज्म को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य सरकार बागपत में 150 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में अंतरराष्ट्रीय योग एवं वेलनेस सेंटर विकसित करने जा रही है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए आगामी 17 अप्रैल को लखनऊ स्थित पर्यटन भवन में 'स्टेकहोल्डर कंसल्टेशन' आयोजित किया जा रहा है, जिसके लिए निवेशकों, विशेषज्ञों और ऑपरेटरों को आमंत्रित किया गया है। राज्य पर्यटन की ओर से अपनी तरह का यह अनूठा प्रयास है, जिसमें धरातल पर उतरने से पहले सभी पक्षों की राय, सुझाव और आवश्यकताओं का समुचित आकलन किया जा रहा है।  उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि 'बागपत में विकसित हो रहा वेलनेस प्रोजेक्ट, प्रदेश की पहचान को सशक्त बनाएगा। मेरठ-बागपत राष्ट्रीय राजमार्ग के पास विकसित होने जा रहा यह अंतरराष्ट्रीय योग एवं वेलनेस सेंटर कनेक्टिविटी के लिहाज से बेहद अहम होगा। इस सेंटर में योग, आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और समग्र स्वास्थ्य सेवाएं एक ही जगह उपलब्ध कराई जाएंगी। इसे वैश्विक वेलनेस हब के रूप में विकसित करने की योजना है।' बेहतर निर्णय में मिलेगी मदद  प्रदेश में पर्यटन के विविध आयामों के साथ वेलनेस टूरिज्म को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। राज्य सरकार का प्रयास है कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश को 'वैश्विक वेलनेस टूरिज्म हब' के रूप में विकसित किया जाए। बागपत में प्रस्तावित इंटरनेशनल योग एवं वेलनेस सेंटर के जरिए सरकार न सिर्फ स्वास्थ्य और आध्यात्मिक सुविधाएं विकसित करेगी, बल्कि पर्यटन संभावनाओं को भी नया आयाम देगी। इसी कड़ी में स्टेकहोल्डर कंसल्टेशन के माध्यम से परियोजना से जुड़े सभी प्रमुख हितधारकों के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा, ताकि उनकी राय, सुझाव और अपेक्षाओं को समझकर बेहतर निर्णय लिया जा सके। स्टेकहोल्डर्स आयोजन का बनें हिस्सा- मंत्री  उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने निवेशकों, वेलनेस विशेषज्ञों और ऑपरेटरों सहित तमाम स्टेकहोल्डर्स से अपील की है कि वे इस पहल का हिस्सा बनें। बागपत को एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय वेलनेस डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने में सहयोग करें। यह परियोजना न केवल प्रदेश में पर्यटन को नई दिशा देगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित करेगी। साथ ही, क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगी।' विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर की तैयारी- अपर मुख्य सचिव    अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात ने बताया कि 'उत्तर प्रदेश में वेलनेस टूरिज्म को ग्लोबल पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। राज्य सरकार निजी निवेशकों के साथ मिलकर एक विश्व स्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने की योजना बना रही है, जहां अत्याधुनिक योग केंद्र, मेडिटेशन स्पेस, उपचार और सतत पर्यटन सुविधाएं विकसित की जाएंगी।' वेलनेस टूरिज्म को लेकर लखनऊ में आयोजित होने वाले स्टेकहोल्डर कंसल्टेशन के इस अहम मंच पर अपर मुख्य सचिव पर्यटन एवं संस्कृति अमृत अभिजात और ईको निदेशक पुष्प कुमार के० समेत विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।