श्रीमती तिवारी की स्मृति में सम्मान समारोह का आयोजन प्रेरणास्रोत है-- डा. जोशी

महू ( इंदौर, म. प्र.)। अखिल भारतीय काव्य, कथा एवं कला परिषद के संस्थापक, साहित्यकार जगदीश प्रसाद तिवारी, उक्त संस्था के अध्यक्ष अब्दुल हमीद एडवोकेट, उपाध्यक्ष बसंत कुमार सनौरा एडवोकेट ने संयुक्त रूप से बताया कि गत दिवस श्रीमती वीणा तिवारी की स्मृति में सम्मान समारोह का आयोजन व पुस्तक विमोचन कार्यक्रम स्थानीय श्री लोधी क्षत्रिय समाज धर्मशाला में किया गया । उक्त कार्यक्रम में पत्रकारिता, विधि, साहित्य, संगीत, समाज सेवा में उल्लेखनीय योगदान देनेवाले व्यक्तित्वों का पुष्पहारों से स्वागत कर, उन्हें प्रतीक चिह्न व सम्मान पत्र प्रदत्त किये गये । पत्रकार वर्ग में- वरिष्ठ पत्रकार डा. नवीन आनंद जोशी भोपाल, श्री चेतन आनंद इंदौर तथा अभिभाषक वर्ग में- वरिष्ठ अभिभाषक श्री राजेश नेनावा, श्री विनोद गोठवाल महू व श्री रूचिर पाराशर इंदौर, संगीत के गायन- वादन क्षेत्र में श्री सुरेश मजदे तथा समाज सेवा वर्ग में- श्री हरिसिंह जरिया का पुष्पहारों से स्वागत कर, उन्हें प्रतीक चिह्न प्रदान किये गये। जो प्रबुद्ध व्यक्तित्व उपस्थित नहीं हुए उनके प्रतीक चिह्न व सम्मान पत्र एक सप्ताह बाद उनके पते पर भेज दिये जायेंगे।

उक्त कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार श्री रामलाल प्रजापति ने अपने संबोधन में कहा कि व्यक्ति का सम्मान करना समाज की कृतज्ञता का प्रतीक है। पत्रकार, अभिभाषक, साहित्यकार, संगीतकार, समाज सेवी समाज में जागरूकता, नैतिकता, सकारात्मक परिवर्तन के संवाहक होते हैं। ऐसे व्यक्तित्वों का सम्मान करना समाज का परम कर्तव्य है। श्रीमती वीणा तिवारी की स्मृति में यह सम्मान समारोह प्रेरणादायी व अनुकरणीय पहल है, जो समाज में सेवा व सृजन की भावना को सशक्त करता है।


इस अवसर पर भोपाल से पधारे वरिष्ठ पत्रकार डा. नवीन आनंद जोशी ने अपने सारगर्भित उद्बोधन में कहा कि श्रीमती वीणा तिवारी की स्मृति में सम्मान समारोह का आयोजन प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता, साहित्य, विधि, संगीत, समाज सेवा एक दूसरे के पूरक हैं। एक स्वस्थ, संवेदनशील, जागरूक समाज के निर्माण में इन सभी क्षेत्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे सम्मान समारोहों के साथ, इन विषयों पर कार्यशाला भी आयोजित होनी चाहिए। ऐसा सम्मान समारोह देखकर मैं अभिभूत हूँ। ऐसे कार्यक्रम समाज में निरंतर होते रहना चाहिए, ताकि प्रतिभाओं का मनोबल बढ़े। समाज अपने आप में एक प्रेरणा बन जाये।      


सम्मान समारोह के पश्चात संस्था के संस्थापक, विज्ञान काव्य- कथा लेखक, वरिष्ठ साहित्यकार, पत्रकार जगदीश प्रसाद तिवारी के काव्य संग्रह- टूट गये वीणा के तार व विज्ञान कविता संग्रह- प्रकृति, अद्भुत है तेरा संसार, का उपस्थित विशेष अतिथि, वरिष्ठ अभिभाषक श्री सुरेश सक्तावत, महेश विजयवर्गीय, शिक्षाविद् श्री कुरैशी, श्री रामलाल प्रजापति, डा. नवीन आनंद जोशी व अन्य प्रबुद्धजनों द्वारा किया गया ।  उक्त कार्यक्रम का सुंदर व सफल संचालन उक्त संस्था के परामर्शदाता, वरिष्ठ अभिभाषक श्री उमेश चौरसिया द्वारा किया गया। उक्त अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार श्री विजय कुमार विजयवर्गीय, श्री लोट व अन्य गणमान्य जन उपस्थित थे। अंत में आभार प्रदर्शन श्री उमेश चौरसिया एडवोकेट व अब्दुल हमीद एडवोकेट द्वारा व्यक्त किया गया।