देश के बड़े ट्रैवल मार्ट्स में छाएगा 'पधारो म्हारे देश'
![]() |
| पर्यटन आयुक्त, रुक्मणी रियाड़ |
जयपुर। / राजस्थान की पर्यटन संभावनाओं को देशभर में नई पहचान दिलाने के लिए पर्यटन विभाग ने राष्ट्रीय स्तर पर आक्रामक प्रचार अभियान शुरू किया है। इसी कड़ी में विभाग जुलाई माह के दौरान देश के प्रमुख ट्रैवल मार्ट्स और पर्यटन आयोजनों में राजस्थान की समृद्ध विरासत, संस्कृति और नए पर्यटन उत्पादों का दमदार प्रदर्शन करेगा। पर्यटन आयुक्त रुक्मणी रियाड़ ने बताया कि इन आयोजनों के माध्यम से राजस्थान को देश के सबसे आकर्षक पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं।
रियाड़ ने कहा कि ट्रैवल मार्ट केवल प्रदर्शनियां नहीं हैं, बल्कि पर्यटन उद्योग के लिए नए अवसरों के द्वार हैं। यहां देशभर के टूर ऑपरेटर, ट्रैवल एजेंसियां, होटल उद्योग, एयरलाइंस और निवेशक एक मंच पर आते हैं, जिससे नए व्यावसायिक संबंध बनते हैं और पर्यटकों को आकर्षित करने की रणनीतियां तैयार होती हैं।
उन्होंने बताया कि राजस्थान पर्यटन विभाग इंडिया इंटरनेशनल ट्रैवल मार्ट-चेन्नई, एबीपी टूरिस्ट स्पॉट-कोलकाता, इंडिया इंटरनेशनल ट्रैवल मार्ट-बेंगलुरु तथा पीएचडीसीसीआई इंटरनेशनल हेरिटेज टूरिज्म कॉन्क्लेव-हैदराबाद में भाग लेकर राज्य के किले, महल, धार्मिक स्थल, वन्यजीव, ग्रामीण पर्यटन, होमस्टे, वेलनेस, एडवेंचर और फिल्म पर्यटन की संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करेगा।
उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी के विजन के अनुरूप राजस्थान को केवल विरासत पर्यटन तक सीमित नहीं रखा जा रहा, बल्कि नए पर्यटन सर्किट, स्थानीय संस्कृति, हस्तशिल्प और ग्रामीण अनुभवों को भी राष्ट्रीय पर्यटन बाजार से जोड़ा जा रहा है। विभाग का प्रयास है कि अधिक से अधिक घरेलू पर्यटक राजस्थान आएं और पर्यटन से स्थानीय अर्थव्यवस्था तथा रोजगार को भी मजबूती मिले।
पर्यटन आयुक्त ने बताया कि प्रत्येक आयोजन में राजस्थान पवेलियन आधुनिक डिजिटल प्रस्तुतीकरण, आकर्षक प्रचार सामग्री और बिजनेस-टू-बिजनेस बैठकों का केंद्र होगा। यहां पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों को राज्य की नई पर्यटन नीतियों और निवेश की संभावनाओं से भी अवगत कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 10 से 12 जुलाई तक कोलकाता में आयोजित "ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर" में राजस्थान पर्यटन विभाग की भागीदारी सफलतापूर्वक सम्पन्न हो चुकी है। अब विभाग की टीमें चेन्नई, बेंगलुरु, कोलकाता (एबीपी टूरिस्ट स्पॉट) और हैदराबाद में आयोजित आगामी आयोजनों के माध्यम से राजस्थान की पर्यटन ब्रांडिंग को नई गति देंगी।

0 टिप्पणियाँ