जॉन ए. डेली ने बताए होटल व्यवसाय में मुनाफे और अतिथि अनुभव 

जयपुर । होटल व्यवसाय में सफलता केवल मुनाफा कमाने तक सीमित नहीं है, बल्कि बेहतर अतिथि अनुभव और व्यावसायिक निर्णयों के बीच संतुलन भी इसकी महत्वपूर्ण कड़ी है। इसी विषय पर विद्यार्थियों को वैश्विक आतिथ्य उद्योग की व्यावहारिक समझ देने के लिए शनिवार को इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (आईएचएम), जयपुर में स्विट्जरलैंड के स्विस एजुकेशन ग्रुप के अकादमिक निदेशक, एशिया पैसिफिक, जॉन ए. डेली का विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। राष्ट्रीय होटल प्रबंधन एवं कैटरिंग प्रौद्योगिकी परिषद (एनसीएचएमसीटी) की ओर से आयोजित इस अकादमिक संवाद के लिए देश के चुनिंदा चार संस्थानों में आईएचएम जयपुर का चयन किया गया।

‘द होटल बिजनेस लैब : प्रॉफिट वर्सेस एक्सपीरियंस डिसीजन मेकिंग’ विषय पर आयोजित संवाद में जॉन ए. डेली ने विद्यार्थियों को होटल व्यवसाय में मुनाफे और अतिथि अनुभव के बीच संतुलन स्थापित करने, कारोबारी परिस्थितियों का आकलन करने तथा प्रभावी निर्णय लेने के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। उन्होंने बदलती ग्राहक अपेक्षाओं और बढ़ती प्रतिस्पर्धा के दौर में होटल व्यवसाय से जुड़े निर्णयों में व्यावसायिक दृष्टिकोण के साथ अतिथि संतुष्टि को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर जोर दिया।

इस अवसर पर आईएचएम जयपुर की प्राचार्या निमिषा सेठ ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के साथ इस प्रकार के अकादमिक संवाद विद्यार्थियों को वैश्विक आतिथ्य उद्योग की बदलती आवश्यकताओं और कार्यप्रणाली को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने इस आयोजन के लिए राष्ट्रीय होटल प्रबंधन एवं कैटरिंग प्रौद्योगिकी परिषद तथा पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान आईएचएम जयपुर के विद्यार्थियों ने राजस्थान की समृद्ध पाक एवं आतिथ्य परंपरा की भी प्रभावी प्रस्तुति दी। खाद्य उत्पादन एवं सेवा विभाग के विभागाध्यक्ष संजय अरोड़ा के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने राजस्थानी थीम पर आधारित विशेष दोपहर के भोजन का आयोजन किया। इसमें पारंपरिक राजस्थानी व्यंजनों की प्रस्तुति के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध पाक विरासत, स्थानीय स्वाद और आतिथ्य संस्कृति को प्रदर्शित किया गया। विद्यार्थियों ने भोजन की तैयारी, प्रस्तुति और सेवा में अपने व्यावहारिक कौशल का भी प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में संस्थान के संकाय सदस्यों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम के अंत में रूम्स डिवीजन की विभागाध्यक्ष वंदना रावत ने धन्यवाद ज्ञापित किया।