समीक्षक :अब्दुल समद राही, सोजत सिटी (राज.) 

       कहानियां बच्चों की सबसे प्रिय विधा है। बच्चे कहानियां को बड़े चाव से पढ़ते हैं और जो कहानी उन्हें पसंद आती हैं वह एक दूसरे को सुनते भी हैं। बाल साहित्य वह साहित्य है जो बच्चे के मन पर पहला और स्थायी संस्कार छोड़ता है। इस कसौटी पर वरिष्ठ बाल साहित्यकार राजकुमार जैन राजन का नव प्रकाशित बाल कहानी संग्रह 'टाइम मशीन और ज्ञान का ख़जाना' खरा उतरता है।

     यह केवल कहानियों का संग्रह नहीं, बल्कि बाल मन को तराशने की एक कार्यशाला है। लेखक ने यह संग्रह वरिष्ठ साहित्यकार गोविन्द शर्मा जी को समर्पित किया है। इस संग्रह में 11 कहानियाँ हैं और हर कहानी एक मूल्य, एक विज्ञान और एक संवेदना लेकर आती है। उल्लेखनीय है कि लेखक स्वयं लाखों रुपये की बाल पुस्तकें निःशुल्क स्कूलों, पुस्तकालयों और बच्चों में बाँट चुके हैं, उनका उद्देश्य स्पष्ट है - बच्चे किताबों से जुड़ें और संस्कारित हों। उन में नैतिकता बड़ों    के प्रति आदर सम्मान और देश के प्रति प्रेम की भावना जागृत हो।

      संग्रह की सभी कहानियां प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक हैं और हमें कुछ ना कुछ सीख देती हैं

पहली कहानी 'पारुल का सपना'  विज्ञान और नारी सशक्तिकरण की कहानी। पारुल अपनी लगन से पायलट बनती है, यह बेटियों को बड़ा सपना देखने की प्रेरणा देती है। दूसरी कहानी 'पौधा रोपण का महत्व' दादाजी के माध्यम से पर्यावरण का पाठ। पेड़ कैसे तापमान घटाते हैं, वर्षा लाते हैं और प्राणवायु देकर जीवन बचाते हैं, इसे बड़ी आत्मीयता से समझाया गया है। तीसरी कहानी 'प्लास्टिक मुक्त गांव' स्वच्छता और प्लास्टिक के दुष्परिणामों पर चोट करती कहानी, जो बच्चों को 'गंदगी नहीं फैलाने' का व्यावहारिक संस्कार देती है। चौथी कहानी 'शिक्षा का उजाला' संग्रह की सबसे भावपूर्ण कहानी। लेखक का वाक्य - 'शिक्षा अथाह सागर है, जितना गोता लगाओगे उतने मोती मिलेंगे' - इस कहानी का सार है। इसमें शिक्षक और माता-पिता की भूमिका का सुंदर चित्रण है।

 अब्दुल समद राही
     पांचवीं कहानी 'खिलौना रोबोट' तकनीक के साथ मानवीय मूल्यों को जोड़ती आधुनिक कथा। छटी कहानी 'सच्ची दिवाली' गंगाराम द्वारा अपने घर की बजाय पड़ोसी नारायण के घर को अपनों के साथ मिलकर रोशन करना, त्योहार के वास्तविक अर्थ - सहयोग और संवेदना - को उजागर करता है।

 'टाइम मशीन और ज्ञान का ख़जाना' (शीर्षक कहानी)  संग्रह की सबसे सशक्त और कल्पनाशील कहानी। पहाड़ों से घिरे शहर बुद्धिग्राम में प्रोफेसर योगेश और उनका रोबोट रोबू एक टाइम मशीन बनाते हैं। दो जिज्ञासु बच्चे आरव और अनाया उसके माध्यम से 100 साल पीछे के बोरों पर बैठे स्कूल और 2200 में चाँद पर बने रोबोट टीचरों वाले कॉलेज की यात्रा करते हैं। अंत में वे गाँव में 'भविष्य का वाचनालय' खोलते हैं जिसके द्वार पर लिखा है - 'कल से सीखो, आज को संवारो।' संदेश है - 'ज्ञान बांटने से बढ़ता है।'

       आठवीं कहानी 'स्वतंत्रता का उत्सव' महेंद्रगढ़ के राजा विजय प्रताप को मिले इंद्रधनुषी पक्षी की कथा। सोने के पिंजरे, शाही भोजन और देश-देशांतर घुमाने पर भी वह उदास रहता है, पर अपनी जन्मभूमि पर पिंजरा खुलते ही वह आजादी का गीत गाता है। लेखक की पंक्ति - 'सोने का पिंजरा भी पिंजरा ही होता है' - स्वतंत्रता के मूल्य को अमर कर देती है।

नवीं कहानी 'दीपू ने ठग पकड़वाए' वैज्ञानिक दृष्टिकोण की कहानी। बरगद के भूत और 7000 रुपये लेने वाले ठग स्वामीजी के भेद को दीपू तर्क से खोलता है - पैरों के निशान आदमी के और चमक फास्फोरस की। यह कहानी अंधविश्वास पर विज्ञान की जीत है।

दसवीं कहानी 'खुशी दो, खुशी लो' दो भाई चंचल और अंचल जादूगरनी के खुशी के लाल रुमाल की खोज में निकलते हैं। रास्ते में अंचल मदद माँगने वालों को ठुकरा देता है, जबकि चंचल एक लड़की को कमल का फूल तोड़कर देता है और बूढ़े बाबा के साथ रोटी खाता है। घर लौटने पर चंचल की जेब में प्रेम से मिले चावल के दाने की जगह वही जादुई रुमाल चमकता है, जिस पर लिखा है - 'खुशी दो, खुशी लो।' यह बताती है कि जादू रुमाल में नहीं, देने वाले के दिल में होता है।

       अंतिम कहानी 'बच्चों का वाचनालय' संग्रह का सबसे प्रेरक समापन। पारुल अपनी गर्मी की छुट्टियों में नानाजी के गाँव में पुराने खंडहर को बच्चों के सहयोग, जेब खर्च के 200 रुपये और घरों से लाई गई दरियों- पुस्तकों से 'बच्चों का वाचनालय' में बदल देती है। थानेदार और जिलाधीश की नजर में आकर वह खंडहर ज्ञान के मंदिर में बदल जाता है। यह श्रमदान और पुस्तक संस्कृति की मिसाल है।

          संग्रह की भाषा सरल, सहज और पूर्णतः बाल सुलभ है। हर कहानी के साथ सुंदर रेखाचित्र हैं जो पठन को रोचक बनाते हैं। कहानियाँ उपदेश नहीं देतीं, बल्कि घटना के माध्यम से मूल्य स्वयं प्रकट होते हैं। विज्ञान, पर्यावरण, नारी शिक्षा, स्वतंत्रता और वैज्ञानिक चेतना जैसे आधुनिक विषयों को लेखक ने भारतीय संस्कारों से जोड़ा है।

        निश्चित रूप से 'टाइम मशीन और ज्ञान का ख़जाना' वर्तमान बालसाहित्य की एक मूल्यवान उपलब्धि है और हर प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय के पुस्तकालय तथा हर घर में संग्रहणीय है। बच्चों के मन में सीधे प्रवेश करने वाले कहानी संग्रह के लिए भाई राजकुमार जैन राजन को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। दुआ करता हूं कि मेरा रब इनको अच्छी सेहत और तंदुरुस्ती के साथ खुश और सलामत रखे। ताकि यह दिल के खजाने खोलकर बच्चों को ज्ञान के अनमोल हीरे लूटाते रहें। 

पुस्तक : टाइम मशीन और ज्ञान का ख़जाना (बाल कहानी संग्रह) / लेखक : राजकुमार जैन 'राजन' (आकोला / प्रकाशक : ज्ञान मुद्रा पब्लिकेशन, गीत स्काई वैली, मित्तल कालेज रोड़, भोपाल-462038 ( म. प्र.) / संस्करण : प्रथम, सितम्बर 2026  / मूल्य : 200/- रुपये