पुस्तक समीक्षा

समीक्षक --- बलजीत सिंह

हमारे पृथ्वी पर मुख्य रूप से दो ध्रुव है -- उत्तरी ध्रुव और दक्षिणी ध्रुव । भौगोलिक दृष्टि से इन दोनों ध्रुवों पर विशेष अंतर देखने को मिलता है । दक्षिण ध्रुव पर अंटार्कटिका महाद्वीप की मोटी बर्फ के नीचे चट्टानी जमीन है ; जबकि उत्तर ध्रुव के नीचे कोई जमीन नहीं है । समझो यह आर्कटिक महासागर के बीचों-बीच बर्फ की मोटी चादर से ढका है । यहाँ छह महीनों का दिन और छह महीनों की रात होती है । यह पृथ्वी के बिल्कुल शीर्ष पर यानी 90 डिग्री उत्तरी अक्षांश पर स्थित है । सर्दियों में यहाँ का तापमान माइनस 40 डिग्री तक चला जाता है । यह पृथ्वी का वह स्थिर बिंदु है , जिसके चारों तरफ पृथ्वी घूमती है । ध्रुवतारा इसके ठीक बिल्कुल ऊपर की तरफ है । उत्तरी ध्रुव पर किसी एक देश का अधिकार नहीं है । इसकी सीमा मुख्य रूप से आठ देशों के साथ लगती है ;  जिनमें कनाडा ,रूस, डेनमार्क, अलास्का , नॉर्वे , फिनलैंड, स्वीडन, आइसलैंड इत्यादि । उत्तरी ध्रुव के समीप होने के कारण इन सभी देशों को 'आर्कटिक देश' भी कहा जाता है । दुनिया में बहुत कम ऐसे पर्यटक हैं , जिन्हें उत्तरी ध्रुव देखने का सौभाग्य मिलता है । उत्तरी ध्रुव के बारे में सबसे विशेष बात -- यहां खड़े होकर आप किसी भी दिशा की तरफ देखो, वह दिशा दक्षिण ही होगी । सचमुच यहाँ जाना हर किसी की वश की बात नहीं । जिन सैलानियों की पर्यटन के प्रति गहरी रुचि होती है, अक्सर वही ऐसी जगहों पर पहुंच पाते हैं । कुछ पर्यटक पैसों के अभाव में यहां तक पहुंच नहीं पाते । खासकर ऐसे-ऐसे पर्यटकों के लिए , आर्कटिक जैसे दुर्लभ स्थानों का आँखों देखा वर्णन या इससे संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी चाहिए तो माला वर्मा की पुस्तक 'आर्कटिक : ध्रुवीय भालू का देश '  यात्रा-संस्मरण एक अच्छा विकल्प है । 

कोलकाता महानगर के जाने-माने साहित्यकारों में , श्रीमती माला वर्मा का नाम उच्च श्रेणी में आता है । हिन्दी साहित्य की विभिन्न विधाओं में अब तक इनकी पचास से अधिक पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं ; जिनमें ग्यारह कहानी-संग्रह , पाँच कविता-संग्रह , पांच लघुकथा-संग्रह और पच्चीस से अधिक पुस्तकें यात्रा-वृत्तांत की । यायावर प्रवृत्ति के कारण यात्रा-वृत्तांत इनकी मनपसंद विधा है । पृथ्वी के सातों महाद्वीपों का भ्रमण कर चुकी , माला वर्मा द्वारा लिखित यात्रा-वृत्तांत वाली पुस्तकों के नाम कुछ इस प्रकार हैं -- यूरोप , पिरामिडों के देश में , अमेरिका में कुछ दिन , आइये मलेशिया-सिंगापुर-थाईलैंड चलें , चीन देश की यात्रा , ग्रीस एवं दुबई , टर्की , जॉर्डन , विश्व के बीस आश्चर्य ,  कनाडियन रॉकीज़ एंड अलास्का क्रूज , आइसलैंड-लैपलैंड , स्कैन्डिनेविया (नॉर्वे-स्वीडेन-डेन्मार्क) , जापान, केन्या, साउथ अमेरिका (ब्राजील, अर्जेंटीना, पेरू ), कंबोडिया-वियतनाम, ईस्टर्न यूरोप, साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड-आयरलैंड, स्पेन-पुर्तगाल, अजरबैजान , आर्कटिक (उत्तरी ध्रुव) , अंटार्कटिका एक अनोखा महादेश , नेपाल-भूटान, इत्यादि ।

आर्कटिक को ध्रुवीय भालू का देश भी कहा गया है , क्योंकि यहां सफेद रंग वाले ध्रुवीय भालुओं को देखना एक साधारण सी बात है । जिस तरह अंटार्कटिका में जगह-जगह पेंग्विन पक्षी देखने को मिल जाते हैं , उसी तरह आर्कटिक में जगह-जगह ध्रुवीय भालू के दर्शन हो जाते हैं । खैर, आर्कटिक देशों की यात्रा का शुभारंभ लेखिका ने 27 जून-2024 को किया और 10 जुलाई-2024 को यह यात्रा पूरी तरह से समाप्त हुई । यात्रा के दौरान इनके जीवन साथी डाॅ० वर्मा और समूह के कुछ अन्य सदस्य शामिल । पहले दिन लेखिका कोलकाता से दिल्ली और फिर दिल्ली से हेलसिंकी ( फिनलैंड की राजधानी और वहाँ का सबसे बड़ा शहर ) होते हुए , 28 जुलाई को नॉर्वे की राजधानी- ओस्लो पहुँची । अगले दिन लेखिका ने अपने समूह के साथ ओस्लो शहर का अच्छी तरह से भ्रमण किया और फिर तीस जून को हवाई जहाज द्वारा लॉन्गइयरब्येन नामक स्थान पर पहुंची । लॉन्गइयरब्येन (नॉर्वे) देश का एक हिस्सा है , जो स्वालबार्ड दीपसमूह के अन्तर्गत आता है । समझो एक तरह से यह स्वालबार्ड द्वीपसमूह का सबसे बड़ा शहर एवं प्रशासनिक केंद्र है । आखिरी इस खूबसूरत शहर से क्रूज द्वारा आर्कटिक महासागर की यात्रा आरम्भ होती है । 

उत्तरी ध्रुव से लगभग तेरह सौ किलोमीटर दूर , लॉन्गइयरब्येन दुनिया का सबसे अजीब-गरीब शहर है । इस शहर की कुल आबादी केवल 2500 या फिर ऐसा भी कह सकते हैं -- हमारे भारत के एक साधारण से गांव जितनी । पृथ्वी की भौगोलिक स्थित के कारण , यहां साल के तीम महीने (नवंबर से जनवरी) तक सूर्य नहीं निकलता और मई से सितंबर के बीच गर्मियों के महीने में , चौबीसों घंटे चमकदार सूरज निकलता है । सर्दियों में यहां का तापमान माइनस तेरह डिग्री तथा गर्मियों में सामान्य तौर पर सात डिग्री तक रहता है । इस अजीबो-गरीब शहर के बारे में कुछ रोचक बातें इस प्रकार है -- यहाँ जन्म लेने और दफनाने पर पूरी तरह प्रतिबंध है । बिल्लियों को रखना या लाना गैर कानूनी है । यहां के घर खंभों पर टिके हुए हैं । दफ्तर एवं घरों के बाहर जूते उतारने की परंपरा है । यहाँ एक शहर से दूसरे शहर जाने के लिए सड़कें नहीं हैं । लोग नाव या हेलीकॉप्टर से दूसरे शहर जाते हैं । सबसे विशेष बात यह कि कभी-कभी शहर में ध्रुवीय भालू भी देखने को मिल जाते हैं । शहर की सीमा से बाहर ' ध्रुवीय भालू चेतावनी बोर्ड' भी लगे रहते हैं । ऐसे में पर्यटकों को किसी सशस्त्र स्थानीय गाइड के साथ जाना होता है ।

आर्कटिक महासागर के सुहाने सफर की शुरुआत लेखिका ने  M.S. Spitsbergen नामक लग्जरी क्रूज से की । लॉन्गइयरब्येन से यह क्रूज तीस जून की शाम सात बजे अपने सफर से मंजिल की ओर बढ़ा । लेखिका को इसकी पांचवीं मंजिल पर कमरा नंबर छह सौ तेईस मिला । तमाम सुविधाओं से युक्त इस क्रूज में वाई-फाई जैसी सुविधाएं उपलब्ध । क्रूज के डाइनिंग हॉल का नाम 'औने' और भोजन में यहाँ तरह-तरह के पकवानों के साथ चार-पाँच तरह की आइसक्रीम भी मौजूद । यात्रा के दौरान रात के समय लेखिका को नदी , पहाड़ और ग्लेशियरों के साथ-साथ सूरज का दीदार भी होता रहा ; क्योंकि नॉर्वे वह देश है , जहाँ सूरज आधी रात को भी चमकता है । इसे 'लैंड ऑफ़ मिड नाइट सन' भी कहते हैं ।

करीब साढ़े अठारह घंटों के सफर के पश्चात क्रूज 'न्यू-एलसंड' नामक द्वीप पर पहुंचा । वर्तमान समय में यह द्वीप पूरी तरह से वैज्ञानिक बस्ती बन चुका है । यहां अनेक देशों के शोध केंद्र मौजूद हैं ; जिनमें इटली , नीदरलैंड, चीन, भारत, दक्षिण कोरिया, फ़्रांस, जापान, नॉर्वे, जर्मनी इत्यादि और हमारे भारतीय शोध स्टेशन का नाम है - हिमाद्री । यह भारत का पहला स्थायी आर्कटिक अनुसंधान केन्द्र है । सबसे विशेष बात -- उत्तरी ध्रुव को पार करने की हवाई जहाज से पहली शुरुआत यहीं से हुई। फिलहाल यहाँ एक डाकघर , एक तार घर , एक होटल तथा एक हवाई-अड्डा भी है ।

सफर के दौरान दो जुलाई को क्रूज ब्योर्नफ्योर्डेन नामक जगह पर पहुंचा । यहाँ लेखिका ने बेलुगा वहेल को देखा । बेलुगा एक स्तनधारी जीव है , जो समूह में विचरण करती है। इनका जीवन काल पैंतीस से पचास वर्ष तक होता है और इनकी लंबाई की अगर बात करें तो तेरह से बीस फीट के बीच । डॉल्फिन से इनकी शक्ल काफी मिलती है । अक्सर ये आर्कटिक महासागर के तटीय क्षेत्रों में देखने को मिलती है । इनके बच्चों का रंग भूरा होता है और जैसे-जैसे बच्चे बड़े होते हैं, उनका रंग सफेद होने लगता है । यहाँ लेखिका ने कैल्विंग का नजारा भी देखा । ग्लेशियर से जब बर्फ टूटकर नीचे गिरती है तो उसे कैल्विंग कहते हैं । सुरक्षा की दृष्टि से यहाँ भ्रमण करते समय गाइड के हाथों में राइफल रहती है । क्या पता कौन सी दिशा से कब भालू आ जाए ? चौबीस घंटे सूर्यदेव को देखकर , लेखिका के मन में एक बात अवश्य आई -- काश ! चंद्रमा की झलक भी दिखाई दे जाती ।

अगले दिन ठीक आठ बजे क्रूज 'मोनाकोब्रीन' ग्लेशियर वाले इलाके में जाकर रुका । यहां क्रूज का करीब चार घंटे का ठहराव और ऐसे में लेखिका अपने समूह के साथ एक जोडियक में बैठी और प्रकृति के खूबसूरत नजारों का आनंद उठाते हुए आर्कटिक सागर में घूमी । ऐसे में उन्हें एक आर्कटिक चिड़िया की झलक दिखाई दी । काले पैरों वाली यह 'किट्टीवेक' नामक अनोखी चिड़िया पानी की सतह पर आराम से बैठी थी । आर्कटिक सागर का पानी इतना साफ कि इस अनोखी चिड़िया के काले पैर पानी में स्पष्ट दिखाई दिए । इस सुंदर चिड़िया को देखकर ऐसा लगा -- मानो कोई खिलौना पानी की सतह पर छोड़ दिया हो । नॉर्वे के स्वालबार्ड द्वीपसमूह में स्थित  मोनाकोब्रीन ग्लेशियर का क्षेत्रफल दो सौ वर्ग किलोमीटर के आसपास है यानी यह चालीस किलोमीटर लंबा , पाँच किलोमीटर चौड़ा और साठ मीटर ऊंचा । अब आप स्वयं अंदाजा लगा सकते हो -- यहां के ग्लेशियर कितने विशाल है ?

उत्तरी छोर की ओर लगातार बढ़ते हुए क्रूज चार जुलाई को 'किन्नविका' नामक द्वीप पर पहुंचा, जहाँ ज़ोडियक के माध्यम से सैलानी इस द्वीप पर पहुंचे । यहां भी बहुत सारे शोध केंद्र हैं । कुछ सालानी यहां समुद्र किनारे पानी में डुबकी लगाते हैं, जिसे 'ध्रुवीय डुबकी' भी कहते हैं । कड़ाके की ठंड में ध्रुवीय डुबकी लगाना कोई आसान काम नहीं होता । फिर भी लोग हिम्मत करके इस साहसिक कार्य को अंजाम देते हैं । इस खूबसूरत द्वीप पर कुछ साहसिक गतिविधियां भी होती हैं ; जैसे हाइकिंग , कैंपिंग , पोलर प्लंज ,वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफी इत्यादि । कुछ समय बाद क्रूज 'अल्केफजेलेट' नामक स्थान पर पहुंचा , जहाँ एक खड़ी चट्टान पर हजारों की संख्या में गिलमोट चिड़ियों का दीदार हुआ । करीब तीन सौ फीट ऊंची इस खड़ी चट्टान में , सतम्भनुमा संरचनाएँ बनी हैं ; जो पक्षियों के निवास के लिए अनुकूल है । इस तरह के दृश्य लेखिका ने पहले टी.वी चैनलों पर देखे थे , लेकिन आज उन्हें साक्षात् झलक देखने को मिल गई ।

पाँच जुलाई की शाम को क्रूज 'होपेन आइलैंड' के पास आकर रुका । यहां भी वैज्ञानिकों के कुछ शोध केंद्र हैं । लेखिका को यहाँ घरों के आस-पास वाली दीवारों पर , बहुत सारी बत्तखें अंडों पर बैठे हुए देखी और इन बतखों का नाम था -- ईडर डक । इनके पंख मटमैले एवं भूरे रंग के और ये अच्छी गोताखोर हैं । सर्दियों में इस द्वीप पर काफी संख्या में ध्रुवीय भालू देखे जा सकते हैं । अगले दिन क्रूज 'बर्गरबुक्ता' नामक स्थान पर पहुँचा । फिर उससे अगले दिन क्रूज 'हेमसेडालेन' में जाकर ठहरा । क्रूज के माध्यम से ध्रुवीय भालू के देश की यात्रा  लेखिका ने लॉन्गइयरब्येन शहर से आरम्भ की और करीब 180 घंटों का सफर तय करके , आठ जुलाई की सुबह लॉन्गइयरब्येन वापस पहुंची । हाँ ! सफर के दौरान क्रूज के सदस्यों का व्यवहार , सैलानियों के प्रति काफी सराहनीय और इन्हें देखकर लेखिका को हरदम अपनेपन का एहसास होता ।

पुस्तक के माध्यम से लेखिका ने बताया है कि आर्कटिक ध्रुवीय भालू की पवित्र भूमि है । यहाँ भालू के अलावा आर्कटिक लोमड़ी , रेनडियर , वालरस , सील एवं अनेक तरह की व्हेल के साथ-साथ ध्रुवीय पक्षियों की लगभग चालीस प्रजातियां पाई जाती हैं । यहाँ प्राकृतिक संसाधनों की भी कोई कमी नहीं ; जैसे गैस , तेल , लौह , निकल , तांबा , जिंक ,फास्फेट इत्यादि कीमती वस्तुओं के विशाल भंडार है । यात्रा के दौरान लेखिका ने कहीं-कहीं अपने जान-पहचान वाले लोगों के हमशक्ल की बात भी कही है , जो पाठक के मन में रोचकता उत्पन्न करती है । खैर , पृथ्वी के उत्तरी ध्रुव का भ्रमण करने वाले सैलानियों के लिए यह पुस्तक प्रेरणादायक होने के साथ-साथ ज्ञानवर्धक भी है । हमारी पृथ्वी पर मौजूद बहुत कम लोग ही इस जगह को देख पाते हैं । पुस्तक का शीर्षक प्रभावशाली एवं भावपूर्ण है और इसके कवर पृष्ठ पर ध्रुवीय भालू की खूबसूरत तस्वीर पाठक का ध्यान अपनी ओर आकर्षित अवश्य करती है । 

**************************

पुस्तक का नाम --  आर्कटिक : ध्रुवीय भालू का देश / लेखिका --  माला वर्मा / प्रकाशक -- अंजनी प्रकाशन - कोलकाता / प्रथम संस्करण -- 2024 / पृष्ठ -- 225 / मूल्य -- 500 रुपए