उत्तर प्रदेश के विंध्याचल में धार्मिक पर्यटन का दायरा अब मां विंध्यवासिनी मंदिर से आगे बढ़कर संपूर्ण ’विंध्य त्रिकोण’ तक विस्तारित हो रहा है। मां विंध्यवासिनी, मां काली खोह और मां अष्टभुजा मंदिरों में वर्ष 2025 के दौरान कुल करीब 1.84 करोड़ दर्शनार्थी पहुंचे। वर्ष 2023 में यह संख्या लगभग 1.15 करोड़ थी। बढ़ते दर्शनार्थियों की संख्या में करीब 60 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के बीच सदियों पुरानी विंध्य त्रिकोण परिक्रमा अब धार्मिक पर्यटन की नई पहचान बन गई है।
उत्तर प्रदेश सरकार भी शक्तिपीठ सर्किट विकसित कर इस आस्था पथ को विस्तार देने की दिशा में विशेष कार्य कर रही है। पारंपरिक रूप से यह धार्मिक यात्रा मां विंध्यवासिनी मंदिर से शुरू होकर मां काली खोह मंदिर पहुंचती है और मां अष्टभुजा मंदिर में पूरी होती है। इस परिक्रमा के माध्यम से श्रद्धालु एक ही यात्रा में देवी के तीन स्वरूपों के दर्शन करते हैं। विंध्य त्रिकोण अंतर्गत विंध्यवासिनी धाम श्रद्धालुओं की पहली पसंद बना हुआ है। धाम में दर्शनार्थियों की संख्या में लगातार हो रही बढ़ोतरी इसकी गवाही दे रहे है।
वर्ष 2023 में जहां करीब 73 लाख श्रद्धालु मां के दरबार पहुंचे थे, वहीं 2024 में यह आंकड़ा बढ़कर 78.15 लाख और साल 2025 में करीब 1.20 करोड़ तक पहुंच गया। यानी दो साल में श्रद्धालुओं की संख्या में करीब 64 फीसदी का उछाल आया। आस्था का यह सिलसिला 2026 में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। जनवरी से अगस्त तक ही करीब 10 लाख श्रद्धालु मां विंध्यवासिनी के दर्शन कर चुके थे। यह संख्या पिछले पूरे साल के कुल दर्शनार्थियों की करीब 75 फीसदी है। खास बात यह है कि यह आंकड़ा शारदीय नवरात्र के पहले का है।
विंध्याचल में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या विकास कार्यों के सकारात्मक प्रभाव को दशार्ती है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में विंध्याचल धाम को एक मंदिर तक सीमित रखने के बजाय संपूर्ण शक्ति पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। प्रदेश सरकार का घ्येय है कि विंध्याचल प्रदेश के विस्तारित शक्तिपीठ सर्किट का प्रमुख केंद्र बने। इससे देश-विदेश के श्रद्धालुओं को उत्तर प्रदेश की समृद्ध शक्ति उपासना परंपरा से जोड़ने और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
विंध्याचल में श्रद्धालुओं की सुविधाओं और धार्मिक स्थलों के कायाकल्प पर करीब 208.09 करोड़ रू0 खर्च किए जा रहे हैं। इसके तहत आसपास की सड़कों और मुख्य मंदिर परिसर में सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। विंध्यवासिनी स्वरूप देवी मंदिर के आसपास के विकास के साथ अष्टभुजा और काली खोह क्षेत्र में भी बुनियादी सुविधाएं मजबूत की जा रही है। पहाड़ी मंदिरों तक पहुंच आसान बनाने में रोपवे ने अहम भूमिका निभाई है। इससे बुजुर्गों और परिवारों को विशेष सहूलियत मिली है।
मां विंध्यवासिनी धाम के साथ मां काली खोह और मां अष्टभुजा मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ तेजी से बढ़ी है। विंध्याचल में धार्मिक पर्यटन के विस्तार का असर इन दोनों मंदिरों में दर्शनार्थियों की संख्या पर भी दिख रहा है। वर्ष 2023 में मां काली खोह और मां अष्टभुजा मंदिरों में कुल करीब 42.36 लाख श्रद्धालु पहुंचे थे। वर्ष 2025 में यह आंकड़ा बढ़कर लगभग 64 लाख हो गया। दो साल में श्रद्धालुओं की संख्या में 51 फीसदी से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई। आंकड़े बताते हैं कि विंध्याचल आने वाले श्रद्धालु अब मां विंध्यवासिनी के दर्शन के साथ मां काली की परिक्रमा करना धार्मिक पर्यटन के प्रमुख आकर्षण के रूप में उभरी है।
पर्यटन विभाग पूरे प्रदेश के समस्त जनपदों में पर्यटन विकास परियोजनाएं संचालित कर रहा है। इसका उद्देश्य पर्यटकों को उच्च स्तरीय स्थापना सुविधायें उपलब्ध कराना है। काशी, मथुरा, प्रयागराज, कुशीनगर, अयोध्या धार्मिक सेक्टर के अंतर्गत पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं पर अपनी मजबूत पकड़ बनाये हुए हैं। इन स्थानों पर गत वर्ष से काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। काशी एवं अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या में कई गुना बढ़ोत्तरी हुई है।
वर्ष 2025 में 01 अरब 58 करोड़ पर्यटक एवं श्रद्धालु उ0प्र0 का भ्रमण किये, जिसमें 34 लाख विदेशी सैलानी भी शामिल हैं। एक पर्यटक 06 लोगों को रोजगार प्रदान करता है। पर्यटकों के बढ़ने से अर्थव्यवस्था को गति मिलती है। साथ ही छोटे मोटे कारोबारियों की आमदनी बढ़ती है। साथ ही पूंजी निवेश को बढ़ावा मिलता है। पर्यटन व्यवसाय से जुड़े व्यवसायियों के लिए पर्यटन नीति-2022 में कई छूट के प्राविधान किये गये हैं। इसमें महिलाओं को विशेष प्राथमिकता दी गयी है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में विन्ध्याचल यूपी के शक्तिपीठ सर्किट का प्रमुख केन्द्र बनने की ओर अग्रसर है। पर्यटन बढ़ने से आधारभूत ढ़ांचे के माध्यम से श्रद्धालुओं को बुनियादी सुविधाएं सुलभ कराई जा रही है। भविष्य में विन्ध्याचल उ0प्र0 के अन्य प्रमुख स्थलों के साथ एक नया पर्यटन केन्द्र बनकर उभरेगा।

0 टिप्पणियाँ