समीक्षक ---- बलजीत सिंह .  हाँसी  ( हरियाणा )

हमारी पृथ्वी पर यूरोप ,एशिया, ऑस्ट्रेलिया, अफ्रीका, उत्तरी अमेरिका, दक्षिण अमेरिका और अंटार्कटिका जैसे सात महाद्वीप है । इनमें सबसे अनोखा महाद्वीप अगर कोई है तो वह है - अंटार्कटिका । यहाँ की भौगोलिक स्थिति बड़ी विचित्र है , क्योंकि यह अनोखा महाद्वीप धरती के दक्षिण छोर पर स्थित है। अंटार्कटिका का कुल क्षेत्रफल 140 लाख वर्ग किलोमीटर के आसपास है । यह पृथ्वी का पाँचवाँ सबसे बड़ा महाद्वीप है और इसका 98 फीसदी भाग बर्फ की मोटी चादर से ढका है । इस अनोखे महाद्वीप पर सालाना वर्षा केवल नाम मात्र की और यहां तेज हवाओं का चलना एक साधारण सी बात है । सर्दियों में यहां का तापमान कभी-कभी माइनस अस्सी डिग्री तक पहुंच जाता है । हमारे भारत से इस अनोखे महाद्वीप की दूरी लगभग बारह हजार किलोमीटर के आसपास है । यहाँ पहुंचना हर किसी के वश की बात नहीं । अक्सर वही सैलानी ही यहां जाते हैं , जिन्हें पर्यटन से गहरा लगाव है । सचमुच इस महाद्वीप का नाम सुनते ही , हमारे मन में एक अलग दुनिया का एहसास होता है और जिन सैलानियों ने अपने कदम यहाँ रखे... समझो उनका अनुभव कैसा होगा -- इस बात का अंदाजा आप स्वयं लगा सकते हो ? यहाँ घूमने वाले सैलानियों के अपने अलग-अलग अनुभव होते हैं । संयोग से एक लेखिका का अनुभव मुझे 'अंटार्कटिका एक अनोखा महादेश' पुस्तक के माध्यम से पढऩे को मिला । यायावर प्रवृत्ति वाली इस लेखिका का नाम है -- माला वर्मा ।

 कोलकाता महानगर के साथ लगते 'हाजीनगर' की रहने वाली माला वर्मा किसी परिचय की मोहताज नहीं है । हिन्दी साहित्य की विभिन्न विधाओं में इनकी अब तक 50 से अधिक पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं ; जिनमें नौ कहानी-संग्रह , पाँच कविता-संग्रह , पांच लघुकथा-संग्रह और बीस से अधिक पुस्तकें यात्रा-वृत्तांत की । यायावर प्रवृत्ति के कारण यात्रा-वृत्तांत इनकी मनपसंद विधा है । पृथ्वी के सातों महाद्वीपों का भ्रमण कर चुकी , माला वर्मा द्वारा लिखित यात्रा-वृत्तांत वाली पुस्तकों के नाम इस प्रकार हैं -- यूरोप , पिरामिडों के देश में , अमेरिका में कुछ दिन , आइये मलेशिया-सिंगापुर-थाईलैंड चलें , चीन देश की यात्रा , ग्रीस एवं दुबई , टर्की , जॉर्डन , विश्व के बीस आश्चर्य ,  कनाडियन रॉकीज़ एंड अलास्का क्रूज , आइसलैंड-लैपलैंड , स्कैन्डिनेविया (नॉर्वे-स्वीडेन-डेन्मार्क) , जापान, केन्या, साउथ अमेरिका (ब्राजील, अर्जेंटीना, पेरू ), कंबोडिया-वियतनाम, ईस्टर्न यूरोप, साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड-आयरलैंड, अंटार्कटिका, स्पेन-पुर्तगाल इत्यादि ।

 अंटार्कटिका महाद्वीप की दुर्लभ यात्रा का आगाज लेखिका ने 2 मार्च-2023 को किया और 18 मार्च-2023 को यह यात्रा पूरी तरह से समाप्त हुई । यात्रा के दौरान इनके पति डाॅ० वर्मा और समूह के कुछ अन्य सदस्य शामिल । पहले दिन लेखिका कोलकाता से दिल्ली फिर दिल्ली से अदीस अबाबा ( इथियोपिया और अफ्रीका संघ की राजधानी का सबसे बड़ा शहर ) होते हुए , चार मार्च को अर्जेंटीना की राजधानी- ब्यूनस आयर्स पहुँची । यहां ब्यूनस आयर्स शहर का भ्रमण करते हुए , लेखिका फिर अपने समूह के साथ पाँच मार्च को उशुआइया शहर पहुँची । उशुआइया शहर अर्जेंटीना देश में स्थित है और इसे ' द एंड ऑफ़ द वर्ल्ड ' के नाम से जाना जाता है । मतलब उशुआइया को दुनिया का आखिरी शहर भी कहा जाता है । दुनिया के इसी आखिरी शहर से अंटार्कटिका महाद्वीप की यात्रा आरम्भ होती है ।

दक्षिण ध्रुव के सबसे नजदीकी मानव आबादी वाला कोई शहर है तो वह है-- उशुआइया । अर्जेंटीना के कई शहरों से यहां सीधी हवाई उड़ान की सुविधा उपलब्ध है । अर्जेंटीना के अड़ोसी-पड़ोसी देशों की अगर बात करें तो इनमें चिली, ब्राजील , पेराग्वे , बोलीविया , उरुग्वे इत्यादि देश है । उशुआइया की मायिपु बंदरगाह से प्रतिवर्ष हजारों की संख्या में , सैलानी और शोधकर्ता अंटार्कटिका महाद्वीप की तरफ जाते हैं । खैर , पांच मार्च की शाम को सात बजे , लेखिका अपने समूह के साथ उशुआइया की बंदरगाह से , एक क्रूज में सवार होकर अंटार्कटिका की तरफ निकली । देखने में यह क्रूज काफी बड़ा एवं शानदार और इसकी छठी मंजिल पर खाने-पीने की व्यवस्था ; जबकि लेखिका को चौथी मंजिल पर रहने के लिए एक कमरा मिला । उशुआइया से कुछ घंटे चलने के बाद क्रूज ड्रेक पैसेज में प्रवेश कर गया ।

ड्रेक पैसेज एक समुद्री जलमार्ग है , जो अटलांटिक महासागर और प्रशांत महासागर को आपस में जोड़ता है । समझो यह दुनिया का सबसे खतरनाक समुद्री रास्ता है , जिसमें हवाएँ इतनी तेज चलती हैं कि लहरें कभी-कभी पचास से साठ फीट की ऊंचाई तक पहुँच जाती हैं । इसमें कोई दोराय नहीं कि कोई दमदार क्रूज ही ऐसी लहरों को पार करता है । खैर, अंटार्कटिका जाने वाला यह क्रूज काफी दमदार भी और शानदार भी । आधुनिक सुविधाओं को देखते हुए , इसमें वाई-फाई जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध । ड्रेक पैसेज से गुजरते समय , लेखिका को ऐसा महसूस हुआ -- मानो क्रूज लगातार नागिन डांस कर रहा हो । दक्षिण अमेरिका और अंटार्कटिका महाद्वीप के बीच, यह समुद्री रास्ता लगभग आठ सौ किलोमीटर चौड़ा है ।

पृथ्वी के सबसे ठंडे महाद्वीप 'अंटार्कटिका' पर  कानूनी रूप से किसी एक देश का अधिकार नहीं है । यहाँ अनुसंधान के लिए अनेक देशों के वैज्ञानिकों का आना-जाना लगा रहता है । खैर , खतरनाक समुद्री रास्ते को पार करते हुए , क्रूज ने आठ मार्च को अंटार्कटिका के क्षेत्र में प्रवेश किया । सफर के दौरान रास्ते में एक खूबसूरत 'डैको आइलैंड' भी आया । इस खूबसूरत आइलैंड को दिखाने के उद्देश्य से , क्रूज के सदस्यों ने सभी सैलानियों को  जोडिएक में बैठाकर , इस आइलैंड तक ले जाया गया । ज़ोडिएक एक तरह की छोटी नाव है ,जो हमेशा क्रूज के ऊपर रहती है और समय पड़ने पर इसे नीचे उतारा जाता है । डैको आइलैंड पर पेंग्विन पक्षियों का नजारा बेहद खूबसूरत । यहाँ सफेद बर्फ पर पेंग्विनों की बड़ी-बड़ी कॉलोनी देखना , किसी अजूबे से कम नहीं था । ऐसे में सैलानियों को बहुत सारी सावधानियां रखनी पड़ती हैं । उन्हें पैंग्विन के पास ज्यादा करीब जाने की इजाजत नहीं होती । पेंग्विन के अलावा यहां सील , व्हेल वगैरह भी देखने को मिल जाती है ।

 अंटार्कटिका महाद्वीप में विशेष तौर पर सात प्रकार की पेंग्विन पाई जाती है । पेंग्विन ऐसे पक्षी हैं -- जो सिर्फ तैर सकते हैं , जमीन एवं बर्फ पर चल सकते हैं ; लेकिन अन्य पक्षियों की तरह उड़ नहीं सकते । इन्हें 'बिना उड़ान वाले समुद्री पक्षी' भी कह सकते हैं । इनके पंख नरम न होकर कड़े होते हैं । अन्य पक्षियों की तरह ये भी अंडे देते हैं। इनके पंखों में एक विशेष तरह का तेल पाया जाता है , जो पानी को शरीर के भीतर प्रवेश नहीं होने देता । इनका सिर ठंड के अनुकूल बना है और पंखों के नीचे चर्बी की एक मोटी परत होती है , जो शरीर को गर्म रखती है । कुछ पैंग्विन तो समुद्र के अंदर तीन सौ मीटर की गहराई तक चले जाते हैं ।

 सफेद महाद्वीप के नाम से प्रसिद्ध अंटार्कटिका  पर केवल बर्फ का साम्राज्य । क्षेत्रफल की दृष्टि से यह हमारे भारत से चार गुना बड़ा है । अब आप स्वयं अंदाजा लगा सकते हो -- इस महाद्वीप पर कितनी बर्फ़ होगी ? सफर के दौरान दस मार्च को क्रूज अंटार्कटिका के 'पैराडाइज हार्बर' नामक स्थान पर पहुंचा । यहाँ विशालकाय आकार के आइसबर्ग और  लाखों की संख्या में बर्फ के छोटे-छोटे टुकड़े । ऐसी जगहों पर ग्लेशियरों से जब चटकने की आवाज़ सुनाई दें , तब सावधानी बेहद जरूरी है । जोडिएक जैसी छोटी नाव यहां लहरों की चपेट में आ सकती है । यहां अधिकतर बर्फ वाली चट्टानों का रंग नीला । बर्फ में जब नीले रंग की झलक दिखाई देती है तो समझ लीजिए कि यह बर्फ काफी कठोर है । नीली बर्फ इतनी जल्दी से नहीं पिघलती । सफेद बर्फ के अपेक्षा नीली बर्फ काफी ताकतवर होती है ।

 समूह के साथ क्रूज में यात्रा करने का अलग मजा है । इसमें व्यक्ति को अकेलेपन का एहसास नहीं होता । इसके अलावा जहां चारों तरफ सफेद-सफेद बर्फ के पहाड़ों हो और क्रूज के अगल-बगल समुद्र में हिमखण्ड तैर रहे हो...भला वहाँ अकेलापन किसको लगेगा ? इससे भी विशेष बात यह -- इस क्रूज में अनेक देशों के सैलानी मौजूद । आखिर ग्यारह मार्च वाले दिन क्रूज 'नेको हार्बर 'नामक स्थान पर पहुँचा । यहाँ जेंटू पेंग्विन के जोड़े प्रजनन के वास्ते आते हैं । समुद्री लहरों से बचने के लिए, पेंग्विन समुद्र तट के पास पहाड़ियों पर अपने घोंसले बनाते हैं । यह एक चट्टानी इलाका है , जो ग्लेशियर और विशाल चट्टानों से घिरा है अर्थात् अंटार्कटिका के शानदार नजारों वाला यह एक लोकप्रिय स्थल है ।

 अंटार्कटिका में 'फोर्नियर बे' नामक एक जगह है - जो आठ मील लंबी और तीन मील चौड़ी है  । यह जगह व्हेल वॉचिंग के लिए काफी प्रसिद्ध है । वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन के कारण अंटार्कटिका की बर्फ तेजी से पिघल रही है और समुद्र का जल-स्तर तेजी से बढ़ रहा है । बर्फ़ का तेजी से पिघलना यहां के जीव-जंतुओं के लिए काफी घातक है । खैर , अंटार्कटिक की धरती पर कदम रखना अपने आप में बहुत बड़ी बात है और सौभाग्यशाली लोग ही  ऐसी जगह को देख पाते हैं । मानना पड़ेगा -- लेखिका वास्तव में सौभाग्यशाली है , जो हमारी पृथ्वी के सातवें महाद्वीप पर भी पहुंच गई । इन्होंने पाँच मार्च की शाम को उशुआइया से क्रूज का सफर शुरू किया था और पंद्रह मार्च की सुबह वापस उशुआइया पहुंची । करीब दस दिन की यह समुद्री यात्रा काफी रोमांचक रही ।

 जीवन में जब भी मौका मिले तो हमें यात्राओं का आनंद अवश्य उठाना चाहिए । सच पूछो तो यात्राओं से हमें बहुत कुछ सीखने को मिलता है। आज से पहले मैंने अंटार्कटिका का नाम केवल पुस्तकों में पढ़ा था , लेकिन जब से माला वर्मा की यह पुस्तक 'अंटार्कटिका एक अनोखा महादेश' पढ़ी है , तब से अंटार्कटिका महाद्वीप की खूबसूरत तस्वीरें आँखों के सामने घूमने लगी है । जीवन में कभी मौका मिला तो अंटार्कटिका की यात्रा अवश्य करूंगा । खैर , अंटार्कटिका का भ्रमण करने वाले सैलानियों के लिए यह पुस्तक काफी प्रेरणादायक है । इसे पढ़ने पर हमें एक अलग ही दुनिया का एहसास होता है । एक ऐसी अनोखी दुनिया का एहसास , जो हमारी पृथ्वी पर मौजूद है और भाग्यशाली लोग भी इस जगह को देख पाते हैं । पुस्तक का शीर्षक काफी प्रभावशाली है । भाषा शैली की दृष्टि से पाठक की रोचकता लगातार बनी रहती है । पुस्तक प्रकाशन के लिए लेखिका को बहुत-बहुत बधाई ।

 पुस्तक का नाम --  अंटार्कटिका एक अनोखा महादेश , लेखिका --  माला वर्मा ,प्रकाशक -- अंजनी प्रकाशन - कोलकाता