वफ़ा अब्बास रिज़वी
पिहानी (हरदोई) 21 नवंबर 2026 शनिवार आमतौर पर ट्रैवल और हॉस्पिटैलिटी की बड़ी बैठकें बड़े शहरों के बड़े होटलों में होती हैं। लेकिन इस बार मेज़बानी की एक छोटे से ऐतिहासिक कस्बे पिहानी में। अर्श टूर्स लखनऊ के प्रोपराइटर अरशद ज़ैदी के आमंत्रण पर एयर इंडिया, इंडिगो, सऊदी अरब एयरलाइंस, फ्लाइनास और फ्लाई दुबई से जुड़े प्रतिनिधि लखनऊ कानपुर हरदोई के ट्रैवल ट्रेड के लोग पिहानी पहुँचे। मकसद एक था गाँव को पर्यटन के नक्शे पर लाना।
सुबह की शुरुआत गाँव के स्वाद से यहाँ कोई बुफे नहीं था कोई फॉर्मल डिनर नहीं था। था तो ताज़ा सफेद मक्खन के साथ देसी बन, खेत का गन्ना, हरे और काले सिंघाड़े, भुने आलू, शकरकंद और मिट्टी के कुल्हड़ में देसी मट्ठा। मेहमानों ने सिर्फ खाया नहीं, जिया। कंचे खेले, गिल्ली डंडा चलाया, रस्साकशी में ज़ोर लगाया। बैलगाड़ी पर बैठे और घुड़सवारी की।
सालों बाद कई चेहरों पर बचपन लौट आया था। दोपहर हवेली के नाम दोपहर का भोजन पिहानी की एक संरक्षित ऐतिहासिक हवेली में रखा गया। पुरानी दीवारें, पुरानी तहज़ीब और पुराने किस्से - मेहमानों ने पिहानी को सिर्फ देखा नहीं महसूस किया। इस दौरान हरदोई से राकेश पांडेय, अविनाश गुप्ता 'अब्बी', आमिर किरमानी, गोपाल द्विवेदी, अम्मार ज़ैदी, उमंग जैन, दानिश किरमानी, विमलेंदु वर्मा समेत तमाम मेहमान मौजूद रहे।
अरशद ज़ैदी ने कहा पर्यटन का मतलब सिर्फ होटल और हवाई जहाज़ नहीं है असली पर्यटन गाँव की गलियों, गाँव के खाने और गाँव के लोगों में है। अगर पिहानी जैसे कस्बे आगे आएँगे, तो यहाँ के युवाओं को रोज़गार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। कार्यक्रम का समापन अरशद ज़ैदी और उनके परिवार के धन्यवाद के साथ हुआ लेकिन पीछे रह गया एक बड़ा संदेश।
मेरा गाँव, मेरी माटी, मेरा देश


.jpeg)
0 टिप्पणियाँ